
सागर। शहर के कटरा बाजार स्थित राखी बाजार में शनिवार को अचानक दुकानों और लोहे के पोल में करंट फैलने से अफरातफरी मच गई। करंट की चपेट में आने से एक राखी व्यापारी की मौत हो गई। हादसे के बाद बाजार में मौजूद दुकानदारों और लोगों में हड़कंप मच गया।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के नमक मंडी इलाके का है, जहां इन दिनों राखी बाजार लगा हुआ है। जानकारी के मुताबिक विद्युत डीपी से निकले एक तार में कट लगने के बाद करंट आसपास की दो-तीन दुकानों और लोहे के पोल तक फैल गया।
बताया जा रहा है कि राखी व्यापारी विकास जैन अपनी दुकान की टेबल पर बैठे थे। इसी दौरान जैसे ही उन्होंने पास लगे लोहे के पोल को छुआ, वे करंट की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हादसे के बाद राखी बाजार में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यह भी जांच का विषय है कि बाजार शुरू होने से पहले विद्युत तारों, दुकानों और लोहे के पोल की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया था या नहीं।
व्यापारी की मौत के बाद राखी बाजार में शोक और चिंता का माहौल है। पुलिस जांच के बाद हादसे के वास्तविक कारण और जिम्मेदारी की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
Byte: मनीष सिंघल, थाना प्रभारी, थाना कोतवाली











