ओपन माइक ‘अस्तित्व-कुछ लफ्ज’ में शामिल हुए भाजपा प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी

कला, साहित्य और संस्कृति ने हमारे देश के युवाओं की रचनात्मक ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर, हमेशा से राष्ट्र निर्माण में जोड़ने का कार्य किया है: रिशांक तिवारी

सागर। शनिवार को गोपालगंज में आयोजित ओपन माइक कार्यक्रम ‘अस्तित्व-कुछ लफ्ज’ में भाजपा प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी शामिल हुए। इस दौरान रिशांक तिवारी ने अपनी कला और विचार प्रस्तुत करने वाले युवाओं से आत्मीय संवाद किया तथा उनकी प्रतिभा और रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए युवाओं का उत्साह बढ़ाया। 

कार्यक्रम में शहर की प्रतिभाओं ने कविता, गायन, स्टैंड-अप और कहानियों के माध्यम से अपने विचार एवं भावनाएं प्रस्तुत कीं। इस दौरान विभिन्न विधाओं में युवाओं द्वारा दी गई प्रस्तुतियों से कार्यक्रम का वातावरण रचनात्मक और उत्साहपूर्ण बना रहा।

इस अवसर पर युवा प्रतिभाओं की सराहना करते हुए रिशांक तिवारी ने कहा कि कला और साहित्य व्यक्ति को अपने विचार प्रभावी ढंग से व्यक्त करने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि शहर में ऐसे आयोजनों से युवाओं की प्रतिभा सामने आती है, उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें दूसरे लोगों के विचारों एवं अनुभवों को समझने का अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि कला, साहित्य और संस्कृति समाज को संवेदनशील बनाने के साथ युवाओं की रचनात्मक ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देते हैं एवं युवाओं के विचार, प्रतिभा और सामाजिक संवेदनशीलता राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया को मजबूत बनाते हैं। 

रिशांक तिवारी ने कहा कि शहर के युवाओं को कला, संगीत, साहित्य, रंगमंच, कविता और कहानी जैसी रचनात्मक विधाओं में रुचि लेकर इस प्रकार के कार्यक्रमों से सक्रिय रूप से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है और उसे सही मंच मिलने पर वह समाज के लिए प्रेरणा बन सकती है।

कार्यक्रम के संगीतमय वातावरण में भाजपा प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी ने उपस्थित युवाओं और कलाकारों के साथ मधुर गीत गुनगुनाए। श्री रिशांक तिवारी की सहज सहभागिता से कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं का उत्साह बढ़ा और कार्यक्रम का वातावरण अधिक आत्मीय हो गया।

युवाओं से संवाद करते हुए रिशांक तिवारी ने बताया कि ओपन माइक जैसे कार्यक्रम नई प्रतिभाओं को पहचान दिलाने, विचारों के स्वस्थ आदान-प्रदान तथा युवाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शहर में रचनात्मक गतिविधियों का नियमित आयोजन होना सकारात्मक संकेत है एवं ऐसे आयोजनों से कविता, संगीत, कहानी और अन्य कलात्मक विधाओं के माध्यम से युवाओं को अपनी बात कहने का अवसर मिलता है तथा समाज भी नई सोच और नए दृष्टिकोण से परिचित होता है।

कार्यक्रम के दौरान रिशांक तिवारी ने युवाओं को जनसेवा के माध्यम से समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया। उन्होंने भाजपा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए युवाओं से इनके प्रति जागरूक होने और योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

ओपन माइक कार्यक्रम ‘अस्तित्व-कुछ लफ्ज’ का आयोजन महिमा प्यासी ‘माही’, मयंक सिंह राठौर ‘सागर’ एवं मिक्की सिंह चंदेल द्वारा किया गया। इस दौरान आयोजकों ने कविता, गायन, स्टैंड-अप, कहानी और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से शहर की युवा प्रतिभाओं को अपनी कला एवं विचार प्रस्तुत करने के लिए मंच उपलब्ध कराया। कार्यक्रम में शहर के अनेक युवाओं ने कलाकार और श्रोता के रूप में सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

Leave a Comment

Read More