
सागर। बंडा विधानसभा क्षेत्र में कथित जहरीली शराब पीने से 11 से अधिक लोगों की मौत और कई लोगों के गंभीर रूप से बीमार होने की घटना को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गंभीर चिंता जताई है। मामले का जायजा लेने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सोमवार, 7 सितंबर 2026 को सागर जिले के दौरे पर पहुंचेंगे।
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी बंडा क्षेत्र के ग्राम छापरी, बम्हूरा, चौका, हिनौती, दलपतपुर, धुरमार, गूगरा, गौराज और पाटन पहुंचकर जहरीली शराब से प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे और घटना की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेंगे।
कांग्रेस प्रवक्ता कमलेश तिवारी ने बताया कि जीतू पटवारी सुबह 8 बजे भोपाल से रवाना होंगे और पूर्वाह्न 11 बजे से बंडा क्षेत्र के प्रभावित गांवों में पहुंचकर मृतकों के परिजनों तथा बीमार लोगों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद अपराह्न 4 बजे बंडा सिविल अस्पताल पहुंचकर उपचाररत मरीजों एवं उनके परिजनों से भी मुलाकात करेंगे।
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने आरोप लगाया कि बंडा में हुई यह घटना प्रशासन की गंभीर लापरवाही का परिणाम है। अवैध शराब के कारोबार पर सरकार का कोई प्रभावी नियंत्रण नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस दुखद घटना में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेंगे।
कांग्रेस ने घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा प्रभावित परिवारों को उचित सहायता दिए जाने की मांग की है।










