
15 दिवसीय फुटबॉल कौशल प्रशिक्षण शिविर के चौथे दिन खिलाड़ियों ने आधुनिक उपकरणों के साथ किया अभ्यास
सागर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर के तत्वावधान में स्वीडिश मिशन स्कूल ग्राउंड पर आयोजित 15 दिवसीय फुटबॉल कौशल प्रशिक्षण शिविर के चौथे दिन खिलाड़ियों ने आधुनिक खेल उपकरणों के साथ जमकर अभ्यास किया। खेल मंत्रालय के ‘एक घंटा खेल मैदान में’ अभियान के अंतर्गत आयोजित यह प्रशिक्षण शिविर प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने कहा कि फुटबॉल में उच्च प्रदर्शन हासिल करने के लिए निरंतर अभ्यास और अनुशासन आवश्यक है। उन्होंने बताया कि शिविर के समापन अवसर पर नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
क्रीड़ा अधिकारी डॉ. दयाराम राजपूत ने बताया कि महाविद्यालय के सहयोग से खेल विभाग को नए एवं आधुनिक खेल उपकरण प्राप्त हुए हैं, जिनमें फुटबॉल, कोन और स्पीड लैडर प्रमुख हैं। इन उपकरणों की मदद से खिलाड़ियों को तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण बेहतर तरीके से दिया जा रहा है। प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं में फुटबॉल के प्रति दिखाई दे रहा उत्साह महाविद्यालय के खेल भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत है।
खिलाड़ियों को दिया जा रहा तकनीकी प्रशिक्षण
15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों को बॉल नियंत्रण, सटीक पासिंग, शैडो ट्रेनिंग, ज़िग-जैग ड्रिबलिंग, 1v1 आक्रामक कौशल, 11v11 रणनीतिक फॉर्मेशन तथा फीफा के नियमों का तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
राष्ट्रीय खिलाड़ी स्टीव रिचर्डसन दे रहे विशेष कोचिंग
शिविर के मुख्य प्रशिक्षक एवं खेल इंटर्न स्टीव रिचर्डसन स्टीफन, जो राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी एवं पूर्व SGFI नेशनल टीम के कप्तान रह चुके हैं, खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दे रहे हैं। चौथे दिन उन्होंने खिलाड़ियों की फुर्ती और पैरों के मूवमेंट को बेहतर बनाने के लिए स्पीड लैडर ड्रिल्स तथा ‘टेलर टैग’ जैसे मनोरंजक एवं उपयोगी अभ्यास कराए।
इसके अलावा खिलाड़ियों ने कोन्स के बीच इनसाइड-आउटसाइड बॉल कंट्रोल की उन्नत तकनीकों का भी अभ्यास किया। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
शिविर में आकाश व्यासी, आयुष कुजूर, अभिनय राजपूत, बबली गौड़, दीपेंद्र सिंह लोधी, गुलाब अहिरवार, माधवी ठाकुर, मानसी विश्वकर्मा, पृथ्वीराज सिंह बुंदेला, सोनाली अहिरवार, वैष्णवी अहिरवार सहित अनेक खिलाड़ी नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।











