
बंडा की दुखद घटना के पीड़ितों के बीच पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष, सांसद, विधायक एवं जिला पंचायत अध्यक्ष
बीएमसी पहुंचकर पीड़ितों का जाना हाल; श्याम तिवारी बोले—दुख की घड़ी में बयानबाजी नहीं, पीड़ितों के बीच खड़े होने की जरूरत
सागर। बंडा क्षेत्र में कथित अवैध शराब के सेवन के बाद हुई दुखद घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, सांसद डॉ. लता वानखेड़े, विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया एवं जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर पहुंचे। यहां उन्होंने उपचाररत पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हाल जाना तथा परिजनों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन से उपचाररत मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति एवं चल रहे उपचार की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सभी पीड़ितों को बेहतर से बेहतर उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराने के लिए कहा।
इस दौरान सभी जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने घटना में दिवंगत नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की एवं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति, शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति तथा उपचाररत लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कांग्रेस की बयानबाजी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, “जब परिवार अपनों को खोने के दुःख से जूझ रहे हों, तब संवेदनशीलता दिखाने के बजाय राजनीतिक अवसर तलाशना दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस को समझना चाहिए कि हर त्रासदी राजनीति का मंच नहीं होती। यह समय आरोप-प्रत्यारोप का नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों के आंसू पोंछने और उनके साथ मजबूती से खड़े होने का है।”
तिवारी ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पीड़ितों के बीच पहुंचे हैं। शासन-प्रशासन पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ आवश्यक कदम उठा रहा है। भाजपा संगठन दुख की इस घड़ी में प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ खड़ा है और पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने दी।











