बण्डा जहरीली शराब काण्ड पर पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी पहुँचे बण्डा

कलेक्टर एसपी को तत्काल हटाकर सम्पूर्ण प्रकरण की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग।

मुख्यमंत्री के ‘जीरो टॉलरेंस’ के दावे खोखले साबित………..सुरेन्द्र चौधरी

सागर / सागर जिले के बण्डा में जहरीली शराब के सेवन से अनेक लोगों की हुई मौत और दर्जनों लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की हृदयविदारक घटना पर मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी बण्डा के शासकीय अस्पताल पहुँचे।जहाँ उन्होंने इस दर्दनाक घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उपचाररत पीड़ितों का हालचाल जाना तथा सम्पूर्ण घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए श्री चौधरी ने कहा कि बण्डा में जहरीली शराब से हुई अनेक मौतें महज एक हादसा नहीं,बल्कि शासन- प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना है। इस हृदयविदारक घटना के लिए अवैध शराब माफिया के साथ-साथ शासन-प्रशासन भी जवाबदार हैं। श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ घोषित ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति और निर्देश सागर जिलें में
यदि वास्तव में प्रभावी होते,तो इस तरह की भयावह घटना सामने नहीं आती।बण्डा की घटना ने सरकार के इन दावों की पोल खोलकर रख दी है।पूर्व मंत्री चौधरी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जिले में अवैध शराब के फल- फूल रहे कारोबार को रोकने में अक्षम तथा इस घटना के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार पुलिस एवं आबकारी विभाग के मैदानी अमले पर तत्काल कार्रवाई के साथ ही सागर जिले के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए और पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त शराब माफियाओं एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।श्री चौधरी ने कहा कि अस्पताल में उपचाररत सभी पीड़ितों को उच्चस्तरीय एवं समुचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उनकी बेहतर चिकित्सा सुनिश्चित की जाए।उन्होंने जहरीली शराब के सेवन से जान गंवाने वाले मृतकों के परिवारों को पर्याप्त आर्थिक सहायता देने और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की।श्री चौधरी ने स्पष्ट कहा कि इतनी गंभीर और हृदयविदारक घटना के बावजूद यदि शासन- प्रशासन ने दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी चुप बैठने वाली नहीं है और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

Leave a Comment

Read More