
भूपेन्द्र भैया की ब्लड हेल्पलाइन बनी जरूरतमंद मरीजों का भरोसा
सागर। मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में संचालित ‘भूपेन्द्र भैया की ब्लड हेल्पलाइन सेवा’ जरूरतमंद मरीजों के लिए लगातार मददगार साबित हो रही है। संकट की घड़ी में समय पर निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराकर यह सेवा अनेक परिवारों को राहत और संबल प्रदान कर रही है।
18 अगस्त से 9 सितंबर 2026 तक 23 दिनों में 88 जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया गया। इस दौरान प्रतिदिन औसतन करीब चार मरीजों तक रक्त पहुंचाया गया। हेल्पलाइन से जुड़े स्वयंसेवकों और रक्तदाताओं के त्वरित समन्वय के चलते आपात स्थिति में भी मरीजों के उपचार में रक्त की कमी बाधा नहीं बनने दी गई।
इन 88 मरीजों में बंडा, केसली, गौरझामर, गढ़ाकोटा, खुरई, सुरखी, रहली, राहतगढ़, मालथौन, नरयावली, बांदरी, बीना, देवरी, बेगमगंज, दमोह, सानौधा, बटियागढ़, जैसीनगर और दलपतपुर सहित सागर जिले एवं आसपास के अनेक क्षेत्रों से उपचार के लिए आए मरीज शामिल रहे।
12 वर्षों में 16,623 यूनिट रक्त का सहयोग
प्रेस नोट के अनुसार, पिछले 12 वर्षों से रक्तदान शिविरों और ब्लड हेल्पलाइन के माध्यम से 16,623 यूनिट रक्त एकत्रित कर जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाया गया है। इस सेवा के माध्यम से अब तक हजारों जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराने का दावा किया गया है।
श्री भूपेन्द्र सिंह स्वयं इस सेवा प्रकल्प की नियमित मॉनिटरिंग करते हैं और जरूरतमंदों के सहायता अनुरोध पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास करते हैं। पिछले दो वर्षों में उनके पुत्र अविराज सिंह द्वारा अपने जन्मदिन के अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविरों में भी रक्त संग्रह किया गया।
24 घंटे उपलब्ध है हेल्पलाइन
जरूरतमंद मरीज या उनके परिजन भूपेन्द्र भैया की ब्लड हेल्पलाइन नंबर 9228035418 पर 24 घंटे संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा लैंडलाइन नंबर (07582) 262688 पर भी सहायता के लिए संपर्क किया जा सकता है।
आपात स्थिति में श्री भूपेन्द्र सिंह के मोबाइल नंबर 9425171211 पर कॉल, व्हाट्सऐप अथवा एसएमएस के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है।
रक्त सेवा के साथ-साथ हेल्पलाइन से जुड़े स्वयंसेवक मरीजों और उनके परिजनों को कठिन परिस्थितियों में त्वरित सहयोग एवं आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराते हैं। स्वैच्छिक रक्तदाताओं और समाज के सहयोग से संचालित यह पहल रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त पहुंचाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।











