
सागर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर और इंशाद फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 26 सितंबर शनिवार को साहित्यिक महाकुंभ ‘अभिव्यक्ति’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत अंतरराष्ट्रीय मुशायरा एवं कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन दोपहर 1 बजे से महाविद्यालय के आदि गुरु शंकराचार्य ऑडिटोरियम में होगा।
कार्यक्रम में देश-प्रदेश के प्रतिष्ठित कवि और शायर अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे। आयोजन को लेकर साहित्यप्रेमियों में उत्साह है। आयोजकों के अनुसार, यह कार्यक्रम सागर में साहित्य और काव्य की विविध विधाओं को एक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगा।
देश के विभिन्न शहरों से पहुंचेंगे कवि-शायर
‘अभिव्यक्ति’ में मुंबई से उर्दू अदब के चर्चित नाम राजेश रेड्डी और नवीन जोशी, भोपाल से प्रसिद्ध शायरा डॉ. नुसरत मेहदी, हरदोई से कवयित्री पल्लवी मिश्रा, कोटा से तनोज दाधीच तथा पटियाला से अश्विनी मित्तल अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे।
इसके अलावा सागर के लोकप्रिय रचनाकार अशोक मिज़ाज और आदर्श दुबे भी अपनी रचनाओं से श्रोताओं से रूबरू होंगे। मुशायरे और कवि सम्मेलन में कविता, शायरी और साहित्य की विभिन्न रंगतें देखने-सुनने को मिलेंगी।
साहित्यप्रेमियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. सरोज गुप्ता तथा कार्यक्रम के सह-आयोजक अशोक मिज़ाज और आदर्श दुबे ने सागर नगर के प्रबुद्धजनों, साहित्य अनुरागियों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
आयोजकों का कहना है कि ‘अभिव्यक्ति’ साहित्य और रचनात्मक संवाद का ऐसा मंच बनेगा, जहां विभिन्न क्षेत्रों से आए रचनाकार अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं से सीधे संवाद करेंगे। शनिवार को दोपहर 1 बजे से होने वाले इस आयोजन में सागर के साहित्यप्रेमियों की भागीदारी रहेगी।







