सेवा संकल्प यात्रा का खुरई-बांदरी में  स्वागत, भूपेन्द्र सिंह बोले—सेवा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है पीएम मोदी का सार्वजनिक जीवन

SHARE:


खुरई/बांदरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत वाराणसी से वडनगर (गुजरात) तक निकाली जा रही दो सेवा संकल्प यात्राओं का सागर जिले के खुरई एवं बांदरी सहित मालथौन क्षेत्र में भव्य स्वागत किया गया।
यात्राओं के साथ देश की पवित्र नदियों के जल से भरे मंगल कलश भी चल रहे हैं। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधि-विधान से कलशों का पूजन किया तथा भारत माता की आरती और पुष्पवर्षा के साथ यात्रियों का अभिनंदन किया।
‘सेवा संकल्प यात्रा जनसंवाद और जनभागीदारी का माध्यम’
खुरई में आयोजित सेवा संकल्प सभा को संबोधित करते हुए पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन संघर्ष, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा का उद्देश्य जन-जन से संवाद, सकारात्मकता, सेवा और समन्वय के माध्यम से मानवता को केंद्र में रखकर समाज की सेवा करना है।
उन्होंने कहा कि इन यात्राओं के माध्यम से ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की विविधता और सांस्कृतिक एकता को समझने का अवसर मिल रहा है। वाराणसी से वडनगर तक निकाली जा रही यात्राओं की अलग-अलग टोलियों का नाम देश की पवित्र नदियों के नाम पर रखा गया है।
बांदरी से मालथौन तक टोली क्रमांक-8 का स्वागत किया गया, जिसका नाम मां राप्ती नदी के नाम पर रखा गया है। वहीं खुरई में टोली क्रमांक-9 का स्वागत हुआ, जिसका नाम माता वरुणा नदी के नाम पर है।
पवित्र नदियों के जल से होगा अभिषेक
भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि यात्राओं के साथ चल रहे मंगल जल कलशों में गंगा, यमुना, अलकनंदा, गोमती, नर्मदा, ताप्ती, राप्ती और वरुणा सहित देश की पवित्र नदियों का जल रखा गया है। इस जल से वाराणसी में बाबा विश्वनाथ और गुजरात के वडनगर स्थित प्राचीन हाटकेश्वर महादेव मंदिर में अभिषेक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वडनगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि है, जबकि वाराणसी उनके सांसद के रूप में कर्मभूमि है।
युवाओं को विविधता से जोड़ने का संदेश
भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा के माध्यम से अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों और परिवेश से आने वाले युवाओं को देश की पवित्र नदियों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया जा रहा है। नदियां अनंत काल से जन-जन की सेवा करती आ रही हैं और किसी से भेदभाव नहीं करतीं।
उन्होंने कहा कि यात्राएं हमें नए लोगों से जुड़ने, नया सीखने और देश की विविधता एवं व्यापकता को समझने का अवसर देती हैं। सेवा का संकल्प निरंतर आगे बढ़ना चाहिए और विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति तक यह प्रयास जारी रहना चाहिए।
नशामुक्ति के लिए जनजागरण की अपील
पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन सामान्य परिवार से निकलकर संगठन और सार्वजनिक जीवन में लंबे समय तक कार्य करने तथा गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की जिम्मेदारी संभालने की यात्रा है।
उन्होंने कहा कि अनुशासन, अच्छे संस्कार, सकारात्मक विचार और कर्म के प्रति समर्पण से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से नशामुक्ति के लिए संकल्प लेने और समाज में जनजागरण अभियान को मजबूत करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि खुरई विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में परिवारों को मिला है। उनके अनुसार क्षेत्र में 55 हजार प्रधानमंत्री आवासों सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को मिला है।
दीनदयाल उपाध्याय जयंती का भी किया उल्लेख
भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि 25 सितंबर को सेवा संकल्प यात्रा का खुरई विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश हुआ और इसी दिन पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती भी है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा भारतीय जनसंघ के समय राष्ट्रीयता, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता, सुशासन और मजबूत भारत के लिए लिए गए संकल्पों को आगे बढ़ाने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर को खुरई विधानसभा क्षेत्र में 3 लाख 78 हजार दीप प्रज्ज्वलित कर उनके मंगलमय जीवन एवं दीर्घायु की कामना की गई।
भाजपा पदाधिकारियों ने किया यात्रियों का स्वागत
सेवा संकल्प सभाओं को भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, जिला यात्रा संयोजक यश अग्रवाल, यात्रा टोली प्रमुख अश्विनी एवं चंद्रपाल सिंह तथा खुरई नगरपालिका अध्यक्ष नन्हीं बाई अहिरवार ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पार्षद नीतियां पटेल एवं सचिन साहू ने किया।
दोनों सभाओं में भारत माता और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन किया गया। सेवा संकल्प यात्रियों को मंच पर आमंत्रित कर उनका स्वागत किया गया।
बांदरी और खुरई में यात्राओं की अगवानी भूपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, जिला यात्रा संयोजक यश अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र परिहार, जिला मंत्री हरीशंकर कुशवाहा तथा मंडल अध्यक्ष अनिल पाराशर, नीतेश यादव और राहुल चौधरी सहित भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने की।
यात्रा क्रमांक-8 के 60 तथा यात्रा क्रमांक-9 के 67 यात्रियों का पाली, रजवांस, बरोदिया कलां, मालथौन सहित विभिन्न स्थानों पर आतिशबाजी, पुष्पवर्षा और फूलमालाओं से स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने जल कलशों का पूजन कर भारत माता की आरती की। जगह-जगह यात्रियों के लिए जलपान और भोजन की व्यवस्था भी की गई तथा स्थानीय नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने यात्रियों से संवाद किया।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें