
सागर, 25 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत वाराणसी से वडनगर जा रही सेवा संकल्प यात्रा के यात्रियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवाद किया। इस दौरान बंडा से जुड़े सेवा संकल्प यात्री छत्तीसगढ़ निवासी अमन अग्रहरे ने यात्रा के अनुभव प्रधानमंत्री के साथ साझा किए।
अमन अग्रहरे ने नक्सल प्रभावित क्षेत्र के नक्सल मुक्त होने के बाद आए बदलाव, खुशहाली और महिला सशक्तिकरण से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने सागर में महिला नेतृत्व का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने सागर, रायसेन, आगरा और झांसी से जुड़े यात्रियों से संवाद कर यात्रा के अनुभव, व्यवस्थाओं और उनके कुशल-मंगल की जानकारी ली।
योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद का अनुभव साझा किया
सेवा संकल्प यात्रियों ने प्रधानमंत्री को बताया कि यात्रा के दौरान उन्हें सेवा कार्यों में आनंद का अनुभव हो रहा है और उत्साह के साथ यात्रा आगे बढ़ रही है। यात्रियों ने शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों से हुए संवाद की जानकारी भी साझा की।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत अभियान और आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए यात्रियों ने बताया कि इन योजनाओं का लोगों के जीवन पर प्रभाव देखने को मिल रहा है। यात्रियों ने आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से कैंसर पीड़ित एक बच्ची को मिले उपचार और उसके स्वस्थ होने की जानकारी भी प्रधानमंत्री के साथ साझा की।
यात्रियों ने देश में स्वच्छता के प्रति बढ़ती जागरूकता, सफाई कर्मियों के सम्मान, सड़क एवं अधोसंरचना विकास, निर्माण कार्यों तथा पीएम श्री स्कूलों से जुड़े अनुभव भी बताए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान युवाओं को शासकीय योजनाओं की जानकारी दें और उन्हें उपलब्ध योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करें।
विविधताओं को समझने का अवसर देती है सेवा संकल्प यात्रा: राजेन्द्र शुक्ल
कार्यक्रम में उपस्थित यात्रियों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि आठ दिन की यात्रा पूर्ण कर नौवें दिन बंडा में दो टोलियों का एक साथ आगमन हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यात्रियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और यात्रा के उद्देश्यों को पुनः स्थापित किया।
उन्होंने कहा कि भारत जैसे विविधताओं से भरे देश को समझने के लिए एक कोने से दूसरे कोने तक यात्रा करना आवश्यक है। ऐसी यात्राओं से देश की संस्कृति, सभ्यता और विविधता को समझने तथा आपसी संवाद और एकजुटता की भावना को मजबूत करने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि वाराणसी से वडनगर और वडनगर से वाराणसी की यात्रा युवाओं को देश को समझने, विकास की दिशा और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर फीडबैक लेने का अवसर दे रही है।
अंत्योदय की भावना के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं यात्रियों से फीडबैक लेकर विभिन्न योजनाओं के प्रभाव की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की मूलभूत आवश्यकताओं का समाधान होने तक कार्य को पूर्ण नहीं माना जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इसी भावना के साथ गरीबों के कल्याण, देश की सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और विश्व स्तरीय अधोसंरचना के विकास के लिए कार्य किया जा रहा है। विकसित भारत 2047 के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है और सेवा संकल्प यात्रा इसी भावना को सामने लाती है।
यात्रियों का किया सम्मान
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सेवा संकल्प यात्रा के यात्रियों का सम्मान किया। उन्होंने यात्रियों से आत्मीय चर्चा कर उनके यात्रा अनुभवों की जानकारी ली और उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में दमोह सांसद राहुल लोधी, बंडा विधायक वीरेन्द्र सिंह, जिलाध्यक्ष रानी कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह, रुपेश रोशन खरे, नीतेश जैन, प्रभुदयाल राठौर, लोकेंद्र सिंह, आयुष्य पांडे, कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे, अपर कलेक्टर अविनाश रावत, एसडीएम संजय जैन, तहसीलदार मोहित जैन सहित बड़ी संख्या में हितग्राही महिलाएं, आमजन, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
सांदीपनि विद्यालय में किया पौधरोपण
सेवा संकल्प यात्रा के दौरान उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल, सांसद राहुल सिंह लोधी, विधायक वीरेंद्र सिंह सहित सेवा संकल्प यात्रियों ने सांदीपनि विद्यालय बंडा में पौधरोपण किया।
इसके बाद सेवा संकल्प यात्रा रूट क्रमांक 18 के अंतर्गत बांदरी तथा रूट क्रमांक 19 के अंतर्गत जरूआखेड़ा के लिए रवाना हुई।








