
नोडल कॉलेज में 20 दिवसीय पत्रकारिता प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन, विद्यार्थियों ने किया मीडिया संस्थानों का शैक्षणिक भ्रमण
सागर। पं. दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर में पीएम उषा (PM-USHA) योजना के अंतर्गत आयोजित 20 दिवसीय पत्रकारिता प्रशिक्षण कार्यशाला में विद्यार्थियों को पत्रकारिता के व्यावहारिक पक्षों से रूबरू कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान मीडिया क्षेत्र के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को समाचार लेखन, संपादन, डिजिटल पत्रकारिता, सोशल मीडिया, फैक्ट चेकिंग, मीडिया कानून, फोटोग्राफी, पॉडकास्ट और मोबाइल पत्रकारिता सहित विभिन्न विषयों की जानकारी दी।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने कहा कि आज का दौर केवल किताबी ज्ञान का नहीं, बल्कि व्यावहारिक हुनर का है। आधुनिक और रोजगारपरक प्रशिक्षण विद्यार्थियों में व्यावहारिक दक्षता, रचनात्मक दृष्टिकोण और व्यावसायिक कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में युवाओं के लिए पारंपरिक पत्रकारिता के साथ-साथ न्यू मीडिया, विज्ञापन, फैक्ट चेकिंग और मीडिया कानूनों की व्यावहारिक समझ भी आवश्यक है। इससे विद्यार्थी मीडिया क्षेत्र की बदलती चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार कर सकेंगे।
मीडिया संस्थानों का किया शैक्षणिक भ्रमण
05 से 25 सितंबर तक चले प्रशिक्षण के अंतिम चरण में विद्यार्थियों को वास्तविक मीडिया संस्थानों की कार्यप्रणाली समझने का अवसर मिला। डॉ. आशीष द्विवेदी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने 23 सितंबर को ‘आचरण प्रेस’ और 24 सितंबर को ‘पत्रिका’ समाचार पत्र के सिविल लाइन स्थित कार्यालय का शैक्षणिक भ्रमण किया।
आचरण प्रेस में जागेश्वर पांडेय ने विद्यार्थियों को समाचार संपादन से लेकर आधुनिक मशीनों के माध्यम से समाचार पत्र के मुद्रण की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया। वहीं पत्रिका कार्यालय में संपादक डॉ. नितिन त्रिपाठी ने फील्ड रिपोर्टिंग की व्यावहारिक चुनौतियों, एडिटिंग और मीडिया क्षेत्र में करियर की संभावनाओं पर विद्यार्थियों से संवाद किया।
वरिष्ठ संवाददाता डॉ. रेशु जैन ने विद्यार्थियों को न्यूज रूम और समाचार पत्र के विभिन्न प्रभागों की कार्यप्रणाली की जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने विभिन्न विषयों पर दिया प्रशिक्षण
20 दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को पत्रकारिता की बारीकियों से अवगत कराया।
डॉ. आशीष द्विवेदी — विज्ञापन निर्माण एवं रचनात्मक लेखन
श्रीकांत त्रिपाठी — डिजिटल पत्रकारिता, सोशल मीडिया, फेक न्यूज एवं विश्वसनीयता
पंकज सोनी — मीडिया प्रबंधन, करियर एवं फैक्ट चेकिंग
डॉ. विवेक जायसवाल — मीडिया कानून एवं जनसंपर्क
डॉ. रेशु जैन — समाचार पत्र एवं उनकी सामाजिक भूमिका
जयशेखर — रेडियो लेखन एवं पॉडकास्ट
शशांक तिवारी — फोटोग्राफी एवं मोबाइल पत्रकारिता
डॉ. संजय शर्मा — समीक्षा लेखन एवं मीडिया आलोचना
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. संदीप सबलोक ने बताया कि हिंदी विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. राणा कुंजर सिंह के समन्वय तथा पीएम उषा परियोजना अधिकारी डॉ. इमराना सिद्दीक़ी के नेतृत्व में आयोजित प्रशिक्षण में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का औपचारिक समापन 28 सितंबर को समारोहपूर्वक किया जाएगा।







