मकरोनिया से सिविल लाइन तक विकास की नई ‘लाइफ लाइन’, 10.60 करोड़ की लागत से बनेगी सिटी लिंक रोड

SHARE:


3.20 किमी लंबी और 17 मीटर चौड़ी होगी सड़क, व्हाइट टॉपिंग के साथ डिवाइडर और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था से बदलेगा मार्ग का स्वरूप


सागर। मकरोनिया से जीरो माइल्स होते हुए सिविल लाइंस तक जाने वाले प्रमुख मार्ग के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शनिवार को 1060.28 लाख रुपए यानी करीब 10.60 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 3.20 किलोमीटर लंबी और 17 मीटर चौड़ी व्हाइट टॉपिंग सिटी लिंक रोड का भूमिपूजन किया गया।
नए स्वरूप में विकसित होने वाले इस मार्ग पर डिवाइडर और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था भी की जाएगी। इससे मकरोनिया और सागर शहर के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ बढ़ते यातायात को व्यवस्थित करने तथा भविष्य की शहरी जरूरतों के अनुरूप अधोसंरचना विकसित करने में मदद मिलने की बात कही गई।
भूमिपूजन समारोह सांसद डॉ. लता वानखेड़े के मुख्य आतिथ्य में, नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया की अध्यक्षता में तथा सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी एवं नपाध्यक्ष मिहीलाल की विशिष्ट उपस्थिति में संपन्न हुआ।
17 वर्षों में विकास की गति ने बदली नरयावली की तस्वीर : प्रदीप लारिया
नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने कहा कि नरयावली विधानसभा क्षेत्र में पिछले 17 वर्षों के दौरान विकास और अधोसंरचना के कार्यों की गति लगातार बढ़ी है। सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में हुए कार्यों ने क्षेत्र के विकास को नई दिशा दी है।
उन्होंने कहा कि मकरोनिया आज सागर जिले के तेजी से विकसित हो रहे नगरों में शामिल है। बढ़ते शहरी स्वरूप और यातायात को देखते हुए आधुनिक एवं टिकाऊ सड़क अधोसंरचना की आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि यह सिटी लिंक रोड केवल आवागमन का मार्ग नहीं, बल्कि मकरोनिया और सागर के भविष्य के शहरी विस्तार को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण विकास गलियारा साबित होगी।
बेहतर कनेक्टिविटी से खुलते हैं विकास के नए रास्ते : लता वानखेड़े
सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि किसी भी क्षेत्र की प्रगति के लिए मजबूत सड़क नेटवर्क आधारभूत आवश्यकता है। बेहतर कनेक्टिविटी से आवागमन सुगम होने के साथ व्यापार, रोजगार और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के अवसर भी बढ़ते हैं।
उन्होंने कहा कि सागर में हो रहे अधोसंरचनात्मक विकास के कार्य शहर को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।
शहरी विस्तार को मिलेगी गति : शैलेन्द्र जैन
सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि सागर शहर का तेजी से विस्तार हो रहा है और मकरोनिया इस विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। ऐसे में यह मार्ग शहर की कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था को मजबूती देगा। उन्होंने इसे क्षेत्र की दीर्घकालीन जरूरतों से जुड़ा महत्वपूर्ण अधोसंरचना प्रकल्प बताया।
जनसुविधा केंद्र में रखकर हो रहे विकास कार्य : श्याम तिवारी
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि सड़क और कनेक्टिविटी जैसी आधारभूत सुविधाएं सीधे नागरिकों के जीवन को प्रभावित करती हैं। विकास कार्यों का उद्देश्य लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और क्षेत्र के विकास को गति देना है। उन्होंने कहा कि मकरोनिया की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप यह मार्ग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अधिकारियों ने दी परियोजना की तकनीकी जानकारी
कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री साहित्य तिवारी ने स्वागत भाषण दिया और परियोजना से संबंधित तकनीकी जानकारी उपस्थित लोगों के समक्ष रखी।
इस अवसर पर म.प्र. कुश बोर्ड अध्यक्ष प्रभुदयाल पटेल, भाजपा महामंत्री चैन सिंह, जिला पंचायत सदस्य शारदा खटीक, मंडल अध्यक्ष अंकित तिवारी, सौरभ केशरवानी, अशोक सिंह पड़रिया, अरविंद घोसी, जयंती मौर्य, ऑफिसर यादव, कपिल कुशवाहा, मधुकर जाटव, गुलझारी लाल जैन, वर्षा विश्वकर्मा, मोनिका प्रजापति, पूनम साहू, शिक्षा विश्वकर्मा, रेखा चौधरी, उमा रजक सहित पार्षदगण, एल्डरमैन, भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता, मातृशक्ति, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें