गांधी जयंती पर वरिष्ठ कांग्रेसजनों के घर पहुंचा सेवा दल सिंटू कटारे ने शॉल-श्रीफल से किया सम्मान, गांधी विचारों को जीवन में उतारने पर वरिष्ठजनों से की आत्मीय चर्चा

SHARE:

सागर। गांधी जयंती के अवसर पर शहर सेवा दल कांग्रेस अध्यक्ष सिंटू कटारे ने इस बार परंपरागत आयोजन से हटकर एक अनूठी पहल की। उन्होंने शहर के वरिष्ठ कांग्रेसजनों के बीच पहुंचकर उन्हें शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और महात्मा गांधी के विचारों को केवल स्मरण करने के बजाय उन्हें अपने जीवन और समाज में उतारने को लेकर आत्मीय संवाद किया।
सिंटू कटारे ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले वरिष्ठ कांग्रेसजनों से मुलाकात की। उम्र के इस पड़ाव पर भी संगठन और समाज के प्रति उनकी सक्रियता, संघर्ष और अनुभव को नमन करते हुए उनका सम्मान किया। इस दौरान गांधीजी के सत्य, अहिंसा, सादगी, स्वावलंबन और अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के विचारों पर चर्चा हुई।इस पहल की खास बात यह रही कि सम्मान केवल मंच तक सीमित नहीं रहा। सेवा दल अध्यक्ष स्वयं वरिष्ठ कांग्रेसजनों के बीच पहुंचे और उनके अनुभव सुने। कई वरिष्ठजनों ने अपने राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि गांधीजी के विचार किसी एक दिन को याद करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे सार्वजनिक जीवन में आचरण की कसौटी हैं।
कटारे ने कहा कि गांधी जयंती पर गांधीजी को याद करने का सबसे सार्थक तरीका यही है कि उनके विचारों को अपने व्यवहार में उतारा जाए। वरिष्ठ कांग्रेसजन हमारे लिए केवल संगठन की पुरानी पीढ़ी नहीं, बल्कि संघर्ष, त्याग और विचारों की जीवंत पाठशाला हैं। उनके अनुभवों से नई पीढ़ी को सीखने की जरूरत है।
वरिष्ठ कांग्रेसजनों के बीच पहुंचकर सम्मान करने की इस पहल ने गांधी जयंती के कार्यक्रम को आत्मीयता का रूप दिया। कहीं शॉल और श्रीफल से सम्मान हुआ तो कहीं पुराने संघर्षों की यादें ताजा हुईं। वरिष्ठों और युवाओं के बीच संवाद का यह सिलसिला गांधीजी के उस विचार को भी सामने लाता दिखा, जिसमें सेवा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सार्वजनिक जीवन का मूल उद्देश्य माना गया है।
गांधी जयंती पर सेवा दल की यह पहल संदेश दे गई कि विचारों को माल्यार्पण से नहीं, बल्कि व्यवहार में उतारकर ही जीवित रखा जा सकता है।
सर्वप्रथम शहर सेवादल परिवार गांधी प्रतिमा,पुरानी गल्ला मंडी पहुंची तत्पश्चात शास्त्री जी की प्रतिमा सदर पहुंचकर दूध से
गांधी और शास्त्री प्रतिमा का अभिषेक किया और पुष्प माला अर्पित कर दोनों महापुरुषों को नमन किया।
वरिष्ठ कांग्रेसी पंकज सिंघई ने इस मौके पर कहा कि भगवान महावीर के अमर सिंद्धात जियो और जीने दो का अनुसरण करने वाले पूज्य महात्मा गांधी के सत्य अहिंसा के देश में भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार में राममंदिर का चंदाचोरी व वोटचोरी कर लोकतंत्र की आत्मा पर कुठाराघात किया है।
इस अवसर पर सेवादल प्रदेश महासचिव विजय साहू,जितेंद्र रोहण,अवधेश तोमर ने भी अपने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी पर अपने विचार रखे।
वरिष्ठ कांग्रेसी जिनके योगदान को याद कर सेवादल परिवार ने सम्मानित किया जिसमें स्व.विठ्ठल भाई पटेल के परिजन,संतोष पांडे,भोलेश्वर तिवारी,एड.चतुभुर्ज सिंह राजपूत,जितेन्द्र सिंह चावला सम्मिलित रहे।
सेवादल परिवार के सदस्य ने जरूरतमंद बुजुर्ग महिला को रक्त देकर गांधी जयंती को सार्थक बनाया।
कार्यक्रम में आनंद तोमर,शैलेन्द्र तोमर,हरिश्चन्द्र सोनवार,नितिन पचौरी,जगदीश दुबे,द्वारका चौधरी,कल्लू पटेल,अंकुर यादव,परख शुक्ला, पवन घोषी,दिग्विजय सिंह राजपूत,असद खान,लल्ला यादव,प्रवीण यादव,मुकुल अग्निहोत्री,अन्नू घोषी आदि जन उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें