सागर। डॉक्टर हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के कुलपति का प्रभार ग्रहण करने के बाद कार्यकाल के प्रथम दिन कुलपति प्रो. नागेश दुबे ने डॉ. हरीसिंह गौर की समाधि पहुंचकर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ. गौर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. नागेश दुबे ने कहा कि डॉ. हरीसिंह गौर हमारे लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इसी विश्वविद्यालय के छात्र रहे हैं और अब डॉ. गौर द्वारा स्थापित विश्वविद्यालय में एक नए दायित्व के रूप में सेवा करने का अवसर उन्हें मिला है।
प्रो. दुबे ने कहा कि डॉ. गौर ने जिस उद्देश्य और सपने के साथ विश्वविद्यालय की स्थापना की थी, उनके अनुरूप विश्वविद्यालय के विकास एवं हित में यथाशक्ति योगदान करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने और संस्थान की प्रगति के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कुलपति के प्रथम दिन के इस कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा अधिकारी प्रो. राजेंद्र यादव सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कुलपति द्वारा डॉ. गौर की समाधि एवं प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करना विश्वविद्यालय के प्रति उनकी भावनात्मक एवं वैचारिक प्रतिबद्धता का भी संदेश माना गया।







