बीना रिफाइनरी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी अनुराग सुजानिया का विस्तृत निरीक्षण

SHARE:


CCTV कंट्रोल रूम का जायजा लेकर दिए निर्देश, बाहरी क्षेत्र में पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन पर विशेष जोर


सागर/बीना, 2 अक्टूबर 2026। पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया ने बीना रिफाइनरी की आंतरिक एवं बाहरी सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान रिफाइनरी के वरिष्ठ अधिकारियों, सुरक्षा अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान एसडीओपी बीना अजय सनकत, एसडीओपी खुरई काजल सिंह, थाना प्रभारी आगासौद अनुपमा शर्मा, एसआईएसएफ के अधिकारी तथा रिफाइनरी के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
CCTV कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक ने रिफाइनरी के महत्वपूर्ण स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने CCTV कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
एसपी ने रिफाइनरी प्रबंधन, एसआईएसएफ और पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
रिफाइनरी के बाहरी क्षेत्र में सतत निगरानी के निर्देश
रिफाइनरी के आसपास अस्थायी निर्माण में बाहर से आकर रह रहे व्यक्तियों की सतत निगरानी एवं वेरिफिकेशन कराने के निर्देश थाना प्रभारी आगासौद को दिए गए।
इसके साथ ही रिफाइनरी के बाहर संचालित दुकानों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग कर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। शराब दुकान के बाहर अथवा आसपास सार्वजनिक रूप से शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
श्रमिकों और आवासीय क्षेत्रों के सत्यापन पर जोर
एसपी सुजानिया ने रिफाइनरी परिसर एवं आसपास सुरक्षा बलों के ठहरने के स्थानों और श्रमिकों के आवासीय क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। सुरक्षा बलों के आवासीय स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
रिफाइनरी परिसर के भीतर बैरकों में निवासरत श्रमिकों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों का समुचित सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की समय रहते पहचान कर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
औद्योगिक प्रतिष्ठान की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रिफाइनरी जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठान की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पुलिस, रिफाइनरी प्रबंधन और सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए नियमित निगरानी, प्रभावी पेट्रोलिंग और सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
सागर पुलिस द्वारा महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और प्रभावी निगरानी को लेकर लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें