देवरीकलां (सागर)। देवरी थाना पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच अन्य आरोपी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से 5,610 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते, तीन मोबाइल फोन और पांच दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 4 लाख 35 हजार 610 रुपये बताई गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के मार्गदर्शन में जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 12 अक्टूबर 2026 को देवरी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि टिकरिया तिगड्डा स्थित दुर्गा प्रतिमा स्थल के पीछे कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों को साथ लेकर मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। इस दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि पांच अन्य भागने में सफल रहे।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से कपिल चौरसिया (36), निवासी सुभाष वार्ड, देवरी; मधुर रावत (22), निवासी शास्त्री वार्ड, देवरी तथा अनिल उर्फ अन्ना कोष्टी (27), निवासी खण्डेराव वार्ड, देवरी को गिरफ्तार किया है।
तीन मोबाइल और पांच दोपहिया वाहन जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ से 5,610 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए। इसके अलावा एक एप्पल आईफोन, एक वीवो और एक वनप्लस कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। तीनों मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मौके पर मिले पांच दोपहिया वाहन भी जब्त किए हैं। इनमें लाल रंग की स्कूटी क्रमांक एमपी 15 जेडजे 8235, अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 15 एनके 7098 तथा बिना नंबर की एक एचएफ डीलक्स, एक हीरो स्प्लेंडर और एक अन्य एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल शामिल हैं। इन वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह नकदी, मोबाइल फोन और वाहनों सहित कुल 4,35,610 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
पांच फरार आरोपियों की तलाश
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में जुआ खेलने में कथित रूप से शामिल पांच अन्य व्यक्तियों के नाम अक्कू यादव, गोलू उर्फ बाबूलाल लोधी, विक्रम रजक, आशु चौरसिया और समीर खान सामने आए हैं। ये सभी पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गए। पुलिस इनके संबंध में जानकारी जुटा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कपिल लक्ष्यकार, प्रधान आरक्षक सतीष श्रीवास्तव तथा आरक्षक अतुल पटेल, कमलेश गौर्जर, महेंद्र तिवारी और लवकुश सिंह सहित थाना देवरी का पुलिस बल शामिल रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध जुआ गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।







