सागर,10अक्टूबर 2026
बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, सागर में आज विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, चिकित्सा विद्यार्थियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, मानसिक रोगों की समय पर पहचान तथा उनके उपचार के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य को शारीरिक स्वास्थ्य के समान महत्वपूर्ण बताते हुए कहा गया कि मानसिक समस्याओं को छिपाने या उनके प्रति संकोच करने के बजाय समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए। तनाव, चिंता, अवसाद तथा अन्य मानसिक समस्याओं की पहचान कर उचित उपचार एवं परामर्श के माध्यम से व्यक्ति के जीवन की गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है।
अधिष्ठाता डॉ पी एस ठाकुर द्वारा कहा गया कि लक्ष्य हमेशा बड़ा होना चाहिए। छात्र जीवन में समस्या आने पर अपने माता-पिता से बात करने और समस्या को सामने रखने से बहुत हद तक समस्या को खत्म या छोटा किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जब भी गहरी रात होती है तो सुबह जरूर होती है; समस्या है तो उसका समाधान अवश्य होगा, बस जरूरत है उसके प्रति सचेत और जागरूक रहने की।
मनोरोग विभागाध्यक्ष डॉ. संजय प्रसाद ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने, मानसिक रोगों से जुड़े सामाजिक कलंक को दूर करने तथा जरूरतमंद व्यक्तियों को सहयोग प्रदान करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, समय पर उपचार और परिवार एवं समाज का सहयोग स्वस्थ जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रभारी डॉ. सौरभ जैन ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने जोर दिया कि युवाओं और विद्यार्थियों को अपनी मेंटल हेल्थ को लेकर किसी भी तरह का संकोच नहीं रखना चाहिए तथा जरूरत पड़ने पर बेझिझक विशेषज्ञों से मदद लेनी चाहिए।
कार्यक्रम में अनुपम बोहरे, वरिष्ठ परामर्शदाता द्वारा तनाव के लक्षण पहचान आदि पर व्याख्यान लेते हुए मंच संचालन भी किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि मानसिक स्वास्थ्य प्रत्येक व्यक्ति के समग्र स्वास्थ्य एवं कल्याण का अभिन्न अंग है। मानसिक परेशानी होने पर सहायता लेना कमजोरी नहीं, बल्कि जागरूकता और साहस का प्रतीक है। इस अवसर पर डॉ. आदित्य दुबे एवं उनकी टीम भी उपस्थित रही।







