मंगलगिरी पहाड़ी और नए बस स्टैंड के पास पुलिस ने की कार्रवाई, आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किए दो अलग-अलग मामले
सागर, 12 अक्टूबर 2026। सागर में अवैध हथियार लेकर घूम रहे लोगों के खिलाफ मोतीनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से देशी कट्टा और दूसरे के पास से धारदार नोकदार चाकू बरामद किया है। दोनों मामलों में आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के नेतृत्व में जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में मोतीनगर पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।
मंगलगिरी पहाड़ी के पास देशी कट्टे के साथ आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि मंगलगिरी पहाड़ी के पास एक व्यक्ति अवैध देशी कट्टा लेकर घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से लोहे जैसी धातु से बना एक पुराना देशी कट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रशांत कोरी (24), निवासी काकागंज, मोतीनगर, सागर बताया। हथियार रखने के वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1058/2026 के तहत धारा 25(1-बी) आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया।
नए बस स्टैंड के पास चाकू लेकर घूम रहा युवक पकड़ा
दूसरी कार्रवाई भोपाल रोड स्थित नए बस स्टैंड के पास की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हाथ में धारदार चाकू लेकर घूम रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। उसके कब्जे से लोहे का तेज धारदार और नोकदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान अभिसेन सेन (20), निवासी विवेकानंद वार्ड, मोतीनगर, सागर के रूप में हुई है। हथियार के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 1052/2026 के तहत धारा 25(1-बी) आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
दोनों कार्रवाइयों में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत की भूमिका रही। पहली कार्रवाई में प्रधान आरक्षक प्रदीप, दिनेश और सुनील तथा आरक्षक अंशुल शामिल रहे। दूसरी कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक भारत सिंह, प्रधान आरक्षक दिनेश और सुनील तथा सैनिक विजय देवलिया ने कार्रवाई में सहयोग किया।
मोतीनगर थाना पुलिस के अनुसार, अवैध हथियारों और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
भारत न्यूज़ 24 live.com







