उदयपुरा तिवारी में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं और ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, आबकारी अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

SHARE:

पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में पांच सूत्रीय मांगपत्र सौंपा, अवैध शराब की बिक्री रोकने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग

सागर। नरयावली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम उदयपुरा तिवारी में अवैध शराब की बिक्री के विरोध में महिलाओं और ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने आबकारी अधिकारी वंदना पाण्डेय को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर ग्राम उदयपुरा तिवारी एवं ग्राम पंचायत बिहारी खेड़ा में कथित रूप से लंबे समय से जारी अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की।

अवैध शराब के कारोबार पर आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने कहा कि सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में अवैध एवं जहरीली शराब के सेवन से कई लोगों की जान जा चुकी है और बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। इसके बावजूद जिले में अवैध शराब का कारोबार जारी रहने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर स्थित ग्राम उदयपुरा तिवारी में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें मिल रही हैं। इसके बावजूद इस पर प्रभावी रोक नहीं लग पाना आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

नवरात्रि में भी शराब बिक्री रोकने के लिए भटक रहीं महिलाएं

पूर्व मंत्री ने कहा कि नवरात्रि जैसे पवित्र पर्व के दौरान भी गांव की महिलाओं को अवैध शराब की बिक्री बंद कराने के लिए आबकारी विभाग के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। यह स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब की समस्या का सबसे अधिक असर महिलाओं, स्कूली विद्यार्थियों और ग्रामीण परिवारों पर पड़ता है।

प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

सुरेन्द्र चौधरी ने आबकारी विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्राम उदयपुरा तिवारी में अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा इस कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ आगे भी आवाज उठाई जाएगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्राम उदयपुरा तिवारी की बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने गांव में अवैध शराब की बिक्री बंद कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें