(14 अक्टूबर को पूज्य आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी का नरयावली विधानसभा क्षेत्र में आगमन, कर्रापुर में होगा मंचीय प्रवचन)
सागर सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और हिन्दू एकता का संदेश लेकर बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पूज्य आचार्य श्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी की सनातन हिन्दू एकता यात्रा बुधवार, 14 अक्टूबर को नरयावली विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेगी। यात्रा के स्वागत, वंदन एवं अभिनंदन के लिए नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने क्षेत्रवासियों को सादर आमंत्रित करते हुए आत्मीय सहभागिता का आह्वान किया है।
विधायक लारिया ने कहा कि पूज्य आचार्य श्री का आगमन क्षेत्रवासियों के लिए श्रद्धा और सांस्कृतिक जुड़ाव का अवसर है। सनातन परंपरा की आत्मा एकता, समरसता और सद्भाव में निहित है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपनेपन और श्रद्धाभाव के साथ यात्रा के स्वागत में सहभागी बनने की अपील करते हुए कहा कि सभी मिलकर पूज्य आचार्य श्री का आत्मीय अभिनंदन करें और नरयावली की सांस्कृतिक परंपरा एवं अतिथि-सत्कार की भावना को अभिव्यक्त करें।
प्रातः 8:30 बजे से होगा यात्रा का आगमन
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बुधवार को प्रातः 8:30 बजे शनि मंदिर, सदर से यात्रा का आगमन प्रारंभ होगा। इसके बाद 8:45 बजे परेड मंदिर, 9 बजे आनंदनगर, 9:15 बजे रजाखेड़ी, 9:25 बजे मकरोनिया चौराहा, 9:30 बजे श्री दिनेश दक्ष, 9:35 बजे रचना मेडिकल, 9:40 बजे होटल पैराडाइज, 9:50 बजे बहेरिया चौराहा तथा 10:05 बजे केरबना में यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात प्रातः 10:20 बजे कर्रापुर में मंचीय प्रवचन होगा।
विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने विधानसभा क्षेत्र के समस्त नागरिकों, धर्मप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से इस अवसर पर अधिकाधिक संख्या में सहभागी बनने की अपील की है, ताकि पूज्य आचार्य श्री का स्वागत श्रद्धा, आत्मीयता और सामूहिक सहभागिता के साथ किया जा सके।







