नवरात्रि की सप्तमी पर प्राचीन मंदिर में हुई विशेष पूजा-अर्चना, 56 प्रकार की खाद्य सामग्री से सजाया गया महाभोग का थाल
खुरई, 17 अक्टूबर 2026। नवरात्रि के पावन पर्व पर ऐतिहासिक खुरई किला परिसर स्थित प्राचीन मां बीजासन मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष सरोज भूपेन्द्र सिंह ने देवी मां की आरती में शामिल होकर पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह की ओर से माता रानी को छप्पन भोग अर्पित किया। उन्होंने मां बीजासन से खुरई विधानसभा क्षेत्र की जनता के सुख, समृद्धि, खुशहाली और वैभव की कामना की।
नवरात्रि के अवसर पर प्रतिवर्ष भूपेन्द्र सिंह के परिवार की ओर से किला परिसर स्थित सैकड़ों वर्ष पुराने मां बीजासन मंदिर में छप्पन भोग अर्पित करने की परंपरा निभाई जाती है। इस धार्मिक आयोजन में 56 प्रकार की खाद्य सामग्रियों से महाभोग का थाल सजाया जाता है। पूजा-अर्चना के बाद भोग की सामग्री कन्याओं को प्रसाद के रूप में वितरित की जाती है।
56 प्रकार की खाद्य सामग्री से सजाया गया महाभोग
छप्पन भोग में सात प्रकार के अनाज, सात प्रकार के फल, सात प्रकार के मेवे, मिठाइयां, पेय पदार्थ, कढ़ी, सूप, चटनी और इलायची-लौंग जैसी सामग्री शामिल की गई। विभिन्न स्वादों से युक्त इस महाभोग को देवी मां के चरणों में विधि-विधान से अर्पित किया गया।
सरोज भूपेन्द्र सिंह ने मां बीजासन के समक्ष प्रार्थना करते हुए कहा कि देवी मां की कृपा से खुरई की धरती सदैव अन्नपूर्णा बनी रहे और क्षेत्र में सुख-समृद्धि एवं वैभव का विस्तार हो। सनातन परंपरा में छप्पन भोग अर्पित करने की विशेष धार्मिक मान्यता है। भक्त इस परंपरा के माध्यम से माता रानी के प्रति अपनी श्रद्धा और समर्पण प्रकट करते हैं।
भजन-कीर्तन के बीच हुई आरती
पूजा के दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में भजन मंडलियों के साथ बैठकर देवी आराधना की। मंदिर के पुजारियों की उपस्थिति में विधि-विधान से मां बीजासन की आरती की गई और छप्पन भोग अर्पित किया गया।
उल्लेखनीय है कि खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह द्वारा किला परिसर स्थित मां बीजासन मंदिर का जीर्णोद्धार कराया गया है। नवरात्रि के दौरान मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया जाता है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु रहे उपस्थित
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नन्हीं बाई अहिरवार, भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल चौधरी, धनौरा मंडल अध्यक्ष राजपाल सिंह, खुरई महिला मोर्चा अध्यक्ष मोना सिंघई, रश्मि सोनी, वरिष्ठ पार्षद प्रवीण जैन गढ़ौला, देशराज यादव, इंद्र राज सिंह, राजेंद्र कल्लू यादव, विनोद राजहंस, आकाश परिहार, गणेश पटेल, गौरव राय, आलोक कुशवाहा, बिट्टू राजपूत, सुनील राज, शिवम सैनी, उमेंद्र लोधी, कपिल रैकवार और रिंकू सिंह सिलोधा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।







