भौरयाऊ घाटी में घेराबंदी कर पकड़ा शराब से भरा वाहन, 544 पाव (97.92 बल्क लीटर) अवैध देशी शराब बरामद
कम कीमत पर शराब खरीदकर सहजपुर क्षेत्र में खपाने की थी योजना, तीन अन्य आरोपियों की भूमिका भी उजागर
सागर। सागर जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा शराब तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के लिए सागर पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सागर संजीव सिंहा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी देवरी श्री अरुण उइके के नेतृत्व में थाना केसली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब का परिवहन कर रही सफेद रंग की टाटा सूमो गोल्ड कार को पकड़कर उसमें से 544 पाव देशी शराब बरामद की है।
पुलिस ने शराब एवं तस्करी में प्रयुक्त वाहन सहित कुल 3 लाख 63 हजार 400 रुपये की संपत्ति जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में शराब परिवहन के नेटवर्क से जुड़े तीन अन्य व्यक्तियों की भूमिका भी सामने आई है, जिनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर वनदेवी रोड पर पुलिस की घेराबंदी
दिनांक को उपनिरीक्षक (कार्यवाहक) माधव सिंह ठाकुर पुलिस टीम के साथ जुर्म जरायम पतारसी हेतु क्षेत्र में रवाना थे। इसी दौरान सहजपुर तिगड्डा पर विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सियरमऊ-टड़ा मार्ग की ओर से सफेद रंग की टाटा सूमो कार क्रमांक MP 15 DA 1008 में भारी मात्रा में अवैध देशी शराब भरकर केसली-सहजपुर क्षेत्र में लाई जा रही है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम द्वारा तत्काल भौरयाऊ घाटी, वनदेवी रोड पर राहगीर गवाहों की उपस्थिति में नाकाबंदी कर सघन वाहन चेकिंग प्रारंभ की गई।
अंधेरे का फायदा उठाकर भागने का प्रयास, पुलिस ने पीछा कर आरोपी को पकड़ा
वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर के बताए हुलिए की सफेद टाटा सूमो कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने तत्परता से घेराबंदी कर वाहन को रुकवाया। इस दौरान वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्काल पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नीरज उर्फ गनेश साहू, उम्र 45 वर्ष, निवासी सहजपुर, थाना केसली, जिला सागर बताया।
टाटा सूमो से 11 पेटियों में 544 पाव अवैध शराब बरामद
पुलिस टीम द्वारा गवाहों की उपस्थिति में वाहन की तलाशी लेने पर पिछली सीट के नीचे 11 खाकी कार्टून में अवैध देशी शराब रखी मिली।
बरामद शराब का विवरण इस प्रकार है—
- मसाला देशी मदिरा – 09 पेटियों में कुल 450 पाव।
- प्लेन देशी मदिरा – 02 पेटियों में कुल 94 पाव।
कुल बरामदगी – 544 पाव (97.92 बल्क लीटर) अवैध देशी शराब, अनुमानित कीमत ₹63,400।
- शराब परिवहन में प्रयुक्त टाटा सूमो गोल्ड कार – अनुमानित कीमत ₹3,00,000।
- कुल जब्त मशरूका – ₹3,63,400।
आरोपी के पास शराब के परिवहन एवं कब्जे के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। पुलिस द्वारा अवैध शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहन को विधिवत जब्त किया गया।
शराब तस्करी का नेटवर्क उजागर, चार आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज
पूछताछ के दौरान आरोपी नीरज उर्फ गनेश साहू ने बताया कि वह सहजपुर निवासी सच्चू पाण्डे एवं गबराल लोधी के कहने पर रायसेन जिले के सियरमऊ स्थित शराब ठेके से कम कीमत पर शराब खरीदकर लाता था। शराब लाने के एवज में उसे वाहन का किराया एवं कमीशन दिया जाता था। उक्त शराब को सहजपुर क्षेत्र में खपाने की योजना थी।
पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी एवं पूछताछ के आधार पर इस अवैध शराब परिवहन में संलिप्त चार व्यक्तियों के विरुद्ध थाना केसली में अपराध क्रमांक 0251/2026, धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
प्रकरण में नामजद व्यक्ति:
- नीरज उर्फ गनेश साहू, निवासी सहजपुर – गिरफ्तार।
- सच्चू पाण्डे, निवासी सहजपुर।
- गबराल लोधी, निवासी सहजपुर।
- सियरमऊ शराब ठेका गद्दीदार।
पुलिस द्वारा शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क एवं इसमें संलिप्त अन्य व्यक्तियों के संबंध में जांच की जा रही है।
सराहनीय भूमिका
थाना प्रभारी केसली श्री धर्मराज सिंह बघेल के नेतृत्व में
उपनिरीक्षक (कार्यवाहक) श्री माधव सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक 1662 श्री दिनेश एवं प्रधान आरक्षक 1126 श्री खिलान आरक्षक 1583 उदित शर्मा प्रधान आरक्षक 1748 अहफाज अख्तर की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
सागर पुलिस की स्पष्ट चेतावनी
अवैध शराब का निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय करने वाले व्यक्तियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों एवं उनके नेटवर्क के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
सागर पुलिस – अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सतत प्रभावी कार्रवाई, आमजन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध।







