13 से 18 नवंबर तक संचालित होगी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता, देशभर के विश्वविद्यालयों की टीमें दिखाएंगी खेल प्रतिभा
सागर। डॉ हरीसिंह विश्वविद्यालय से सम्बद्ध महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में बीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, सिरोंजा, सागर के परिसर में 13 नवंबर से 18 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली भारतीय विश्वविद्यालय संघ द्वारा स्वीकृत पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य एवं गरिमामय शुभारंभ हुआ। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों की पुरुष कबड्डी टीमों के खिलाड़ी सहभागिता कर रहे हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा, तकनीकी दक्षता, शारीरिक क्षमता एवं टीम भावना प्रदर्शित करने का राष्ट्रीय मंच प्राप्त हो रहा है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक इंजी. प्रदीप लारिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. नागेश दुबे, कुलगुरु डाॅ हरि सिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष पंडित श्याम तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही । अन्य अतिथियों में डॉ. विवेक बी. साठे, संचालक शारीरिक शिक्षा; प्रो. एन. पी. सिंह निदेशक महाविद्यालयीन विकास पारिषद, डॉ. सुशील कुमार, एआईयू पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
बीटी ग्रुप के चेयरमैन संतोष कुमार जैन ‘घड़ी’ ने अपने उद्बोधन में सभी विश्वविद्यालयों से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि बीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के लिए यह गौरव का विषय है कि संस्थान को राष्ट्रीय स्तर की विश्वविद्यालयीन खेल प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेलों में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन, समर्पण एवं निरंतर अभ्यास है।
अध्यक्षीय भाषण में प्रोफेसर नागेश दुबे, कुलगुरु, डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा एवं खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेलों में सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कबड्डी भारतीय परंपरा एवं संस्कृति से जुड़ा एक महत्वपूर्ण खेल है, जिसमें शारीरिक क्षमता के साथ-साथ त्वरित निर्णय लेने की योग्यता, रणनीतिक सोच, साहस, संतुलन एवं टीम समन्वय की आवश्यकता होती है। विश्वविद्यालयीन स्तर पर आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और भविष्य में उच्च स्तर पर प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्रदान करती हैं।
उन्होंने सभी टीमों के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी को अनुशासन, निष्पक्षता एवं खेल भावना को सर्वोपरि रखते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए।
मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ की गई खेलो इंडिया योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना ने देश में खेल संस्कृति को नई दिशा प्रदान की है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों एवं छोटे शहरों की खेल प्रतिभाओं को भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत के युवा प्रतिभाशाली हैं और उन्हें उचित प्रशिक्षण, संसाधन एवं अवसर प्रदान किए जाएं तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कबड्डी जैसे पारंपरिक भारतीय खेलों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित एवं आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।
संचालक शारीरिक शिक्षा विभाग के डॉ. साठे ने बीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा प्रतियोगिता के आयोजन हेतु उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयीन स्तर की राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए उपयुक्त खेल परिसर, सुव्यवस्थित प्रबंधन एवं समर्पित आयोजन टीम का होना आवश्यक है।
उन्होंने बीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के आयोजन हेतु चयनित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विश्वविद्यालयों के मध्य खेल संबंधों को मजबूत करते हैं तथा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और क्षमता प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं सहयोगियों को शुभकामनाएं दीं।
बीटी ग्रुप के सचिव डॉ. सत्येंद्र जैन ने संस्थान की शैक्षणिक एवं खेल गतिविधियों के संबंध में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलों एवं अन्य सहशैक्षणिक गतिविधियों को भी समान महत्व प्रदान करता है।
बीटीआईपीएस के निदेशक प्रो. संजय आर. जैन, सलाहकार प्रो. सुबोध जैन एवं रजिस्ट्रार डॉ. तरुण सिंह ने आयोजन की व्यवस्थाओं एवं विभिन्न संस्थानों के समन्वय के संबंध में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर शैलेश मेमोरियल स्कूल के डायरेक्टर श्री संदीप जैन, बीटी इंस्टिट्यूट ऑफ एक्सीलेंस के प्राचार्य डॉ. राजू टंडन, बीटीआईआरटी के प्राचार्य डॉ. वीरेश फुसकेले, बीटीआईपीएस के प्राचार्य डॉ. अशोक जैन भी उपस्थित रहे। सभी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने आयोजन की गरिमा एवं उत्साह को और बढ़ाया। कार्यक्रम का शुभारंभ शैलेश मेमोरियल स्कूल के नन्हे विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक गणेश वंदना की प्रस्तुति के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने अपनी सुंदर भाव-भंगिमाओं एवं भक्तिमय प्रस्तुति से उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
इसके पश्चात बीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के विद्यार्थियों द्वारा पारंपरिक बधाई नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी गई। इस रंगारंग नृत्य ने भारतीय लोक संस्कृति एवं परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत करते हुए समारोह में उत्साह, उमंग एवं उल्लास का वातावरण निर्मित किया। उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने दोनों सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
13 से 18 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न विश्वविद्यालयों की पुरुष कबड्डी टीमें आपसी मुकाबलों में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करने के लिए मैदान में उतरेंगी। खिलाड़ियों द्वारा रेडिंग, डिफेंस, सुपर टैकल एवं सामूहिक रणनीति का प्रदर्शन प्रतियोगिता को रोमांचक बनाएगा।








