खाद वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, किसानों को समय पर मिले खाद : कलेक्टर

SHARE:

मंडी में प्रवेश पर्ची के लिए किसानों को नहीं करना पड़े इंतजार, प्रक्रिया में तेजी लाने के दिए सख्त निर्देश

सागर, 19 नवंबर 2026। किसानों को खाद वितरण और कृषि उपज मंडी में उपज बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने गुरुवार को मकरोनिया स्थित नकद खाद विक्रय केंद्र एवं सागर कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद वितरण व्यवस्था, उपलब्ध स्टॉक, मंडी में किसानों की सुविधाओं और प्रवेश पर्ची बनाने की प्रक्रिया का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मकरोनिया स्थित खाद विक्रय केंद्र पर कलेक्टर ने खाद गोदाम का निरीक्षण कर उपलब्ध स्टॉक की जानकारी ली। उन्होंने टोकन काउंटर पर एक किसान के सामने ही ई-टोकन जनरेट करवाकर वितरण व्यवस्था की प्रक्रिया देखी। साथ ही किसान से चर्चा कर खाद वितरण की स्थिति और आ रही समस्याओं की जानकारी ली।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद का वितरण ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से ही किया जाए। उपलब्ध खाद स्टॉक की जानकारी पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट रखी जाए, ताकि किसानों को खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने खाद वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद कलेक्टर ने सागर कृषि उपज मंडी पहुंचकर किसान प्रवेश पर्ची काउंटर का निरीक्षण किया। यहां किसानों को प्रवेश पर्ची के लिए लाइन में खड़ा देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। कलेक्टर ने मंडी सचिव, मंडी निरीक्षक और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्रवेश पर्ची बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। उन्होंने अपने सामने किसानों की प्रवेश पर्चियां बनवाकर पूरी प्रक्रिया का परीक्षण भी किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने मंडी में नीलामी प्रक्रिया तथा सक्रिय व्यापारियों के संबंध में भी जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए मंडी में अधिक समय तक रुकना न पड़े। मंडी में किसानों के प्रवेश से लेकर निकासी तक की प्रक्रिया को सरल और तेज बनाया जाए।

कलेक्टर ने मंडी परिसर में साफ-सफाई, पेयजल सहित किसानों के लिए जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

मंडी परिसर के खाद वितरण केंद्र का भी किया निरीक्षण

कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने मंडी परिसर स्थित खाद वितरण केंद्र का निरीक्षण कर खाद की आवक, उठाव और उपलब्ध स्टॉक की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद वितरण नियमित और सरल तरीके से संचालित किया जाए। स्टॉक की जानकारी समय-समय पर अपडेट रखी जाए और वितरण व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें