सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग के पुरा छात्रों ने गौर पीठ को दिए 1.01 लाख रुपये, विश्वविद्यालय के प्रति जताया आभार

SHARE:

देश-विदेश में कार्यरत पूर्व विद्यार्थियों ने एकजुट होकर दिया योगदान, गौर जयंती पर मेधावी दिव्यांग एवं एकल कन्या विद्यार्थियों को मिलेगी 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि

सागर। डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग के पुरा छात्रों (एल्यूमिनी) ने अपनी मातृ संस्था के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए गौर पीठ को 1 लाख 1 हजार रुपये की राशि प्रदान की है। देश-विदेश की विभिन्न संस्थाओं में कार्यरत विभाग के पूर्व विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से यह राशि एकत्रित कर विश्वविद्यालय को समर्पित की।

यूनिवर्सिटी ऑफ डेलावेयर में पदस्थ प्रोफेसर हर्ष बैस ने अपने पत्राचार में कहा कि डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय ने उनके करियर निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसके लिए वह डॉ. सर हरिसिंह गौर के सदैव ऋणी रहेंगे।

गौर पीठ के समन्वयक प्रोफेसर नवीन कानगो ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अन्य विभागों के पुरा छात्र भी इसी तरह सामूहिक रूप से अनुदान देकर अपनी मातृ संस्था से जुड़े रह सकते हैं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नागेश दुबे ने इस योगदान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी दानदाताओं को व्यक्तिगत पत्र लिखकर आभार जताया है।

गौर जयंती पर मिलेगा 15 हजार रुपये का प्रोत्साहन पुरस्कार

गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी गौर जयंती के अवसर पर गौर पीठ प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अंतर्गत सत्र 2025-26 के प्रथम सेमेस्टर में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के दिव्यांग और एकल कन्या विद्यार्थियों को 15-15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

यह राशि गौर पीठ के खाते में जमा दान राशि से प्राप्त ब्याज के माध्यम से प्रदान की जाती है। इसमें मूल दान राशि सुरक्षित रखी जाती है। पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 23 नवंबर कर दी गई है। इससे संबंधित विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

शनिचरी में 21 नवंबर को लगेगा निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर

गौर पीठ एवं विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में 21 नवंबर को डॉ. हरिसिंह गौर की जन्मस्थली शनिचरी में निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।

विश्वविद्यालय के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक जैन ने बताया कि शिविर में स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न जांच निशुल्क की जाएंगी। उन्होंने आसपास के क्षेत्र के नागरिकों से शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराने और इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें