राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने दिया मार्गदर्शन, मीडिया विभाग की आगामी कार्ययोजनाओं पर हुई चर्चा
सागर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी ने भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में 18 नवंबर को आयोजित मीडिया विभाग की महत्वपूर्ण बैठक में सहभागिता की। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल तथा प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने मीडिया विभाग के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मार्गदर्शन प्रदान किया। इस दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं, मीडिया विभाग की भूमिका और पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने के विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। वरिष्ठ नेतृत्व ने मीडिया विभाग के कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को सकारात्मक, तथ्यात्मक एवं प्रभावी तरीके से जनता के सामने रखने का संदेश दिया।
बैठक में शामिल प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी ने वरिष्ठ नेतृत्व का मार्गदर्शन प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का मीडिया विभाग संगठन और समाज के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाता है। पार्टी की विचारधारा, नीतियों और जनहित में किए जा रहे कार्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना मीडिया विभाग के प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
रिशांक तिवारी ने कहा कि वरिष्ठ नेतृत्व का मार्गदर्शन संगठनात्मक कार्यों को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करता है। पार्टी द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए भाजपा की विचारधारा और जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।








