जन विश्वास शिविर में कलेक्टर ने गंभीरता से सुनीं आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

SHARE:

बरोदिया कला में आयोजित शिविर में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा पहुंचे अपनी शिकायतें लेकर, कलेक्टर ने कहा– आमजन को छोटे-छोटे कामों के लिए परेशान न होना पड़े

सागर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत नगर परिषद बरोदिया कला में आयोजित जन विश्वास शिविर में कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने आम नागरिकों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। शिविर में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को लेकर पहुंचे। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक की बात सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई कर समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।

शिविर में नगर परिषद अध्यक्ष मीना, पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे, मालथौन एसडीएम मोना दांगी सहित जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कई विभागों से संबंधित शिकायतें पहुंचीं

जन विश्वास शिविर में राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, बैंक, वन विभाग, खाद्य विभाग, पीएम किसान, एमपी ई-सेवा सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं और शिकायतें प्राप्त हुईं। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करें।

लंबित राजस्व प्रकरणों को जल्द निपटाने के निर्देश

कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देश दिए कि राजस्व से जुड़े लंबित प्रकरणों का जल्द से जल्द निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई हो और निर्धारित समय-सीमा में उसका निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान करना अभियान का उद्देश्य

कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है। सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ नागरिकों की समस्याएं सुनें और प्राप्त एवं निराकृत आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग करें, ताकि लोगों को शासन की सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।

लोकेशन – सागर, मध्यप्रदेश।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें