18 वर्षों से बुंदेली लोकसंस्कृति की अलख जगा रहा ग्राम मोठी का दिवारी नृत्य समारोह, लोककलाओं की मनोहारी प्रस्तुतियों ने बांधा समां

SHARE:

नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया हुए शामिल, बलदाऊ जी मंदिर में दर्शन कर क्षेत्रवासियों को दी देवउठनी ग्यारस की शुभकामनाएं

सागर। विधानसभा क्षेत्र नरयावली अंतर्गत ग्राम मोठी के बलदाऊ जी मंदिर प्रांगण में निरंतर 18 वर्षों से आयोजित हो रहे बुंदेली वार्षिक उत्सव दिवारी नृत्य समारोह में नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने बलदाऊ जी मंदिर में विधिवत दर्शन कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की तथा देवउठनी ग्यारस के पावन पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

समारोह में बुंदेली लोकसंस्कृति, परंपरा और लोककला का अद्भुत संगम देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा, लोकधुनों और दिवारी नृत्य की ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों में बुंदेलखंड की माटी की सुगंध, लोकजीवन की जीवंतता और सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक दिखाई दी।

इस अवसर पर विधायक लारिया ने कहा कि बुंदेली संस्कृति हमारी पहचान और गौरवशाली विरासत है। दिवारी नृत्य जैसी पारंपरिक लोककलाएं हमारी सांस्कृतिक जड़ों को जीवंत रखने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं। ग्राम मोठी में निरंतर 18 वर्षों से इस उत्सव का आयोजन करना लोकसंस्कृति के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक धरोहर को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का माध्यम बनते हैं।

विधायक लारिया ने आयोजन समिति, लोक कलाकारों एवं ग्रामवासियों के इस सांस्कृतिक प्रयास की सराहना करते हुए सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

समारोह में पूर्व सांसद दादा लक्ष्मीनारायण यादव, जगभान यादव, दुलारे उस्ताद, चैन सिंह लंबरदार, बलराम यादव, करतार यादव, ऑफिसर यादव, कृष्ण मुरारी यादव, मुरारी यादव, राम सिंह यादव, पूर्व मंत्री नारायण कबीरपंथी, रामगोपाल सोनी, एडवोकेट राजेंद्र यादव, यश यादव, निजाम यादव, मथुरा प्रसाद यादव, कोमल पटेल, जीवन यादव सहित आयोजन समिति के सदस्य, लोक कलाकार एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें