खुरई विधानसभा के 27 स्कूलों में 20.09 करोड़ के अतिरिक्त निर्माण कार्य स्वीकृत

SHARE:

विधायक भूपेंद्र सिंह के प्रस्ताव पर मिली मंजूरी, खुरई और मालथौन विकासखंड के स्कूलों में बनेंगे अतिरिक्त कक्ष, लैब और शौचालय

सागर। खुरई विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह के प्रस्ताव पर मध्यप्रदेश सरकार के लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल ने क्षेत्र के 27 हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में अतिरिक्त निर्माण कार्यों के लिए कुल 20.09 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।

स्वीकृत राशि से स्कूलों की आवश्यकता के अनुसार पीसीबी/इंटलैब, अतिरिक्त कक्ष और शौचालय सहित अन्य आवश्यक निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।

खुरई विकासखंड के 14 स्कूलों को 9.74 करोड़ की मंजूरी

खुरई विकासखंड के 14 हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में निर्माण कार्यों के लिए कुल 9.74 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें धनौरा खुरई स्कूल को 38.97 लाख, बसिया को 24.89 लाख, महुनाजाट को 38.80 लाख, धांगर को 38.80 लाख, बिनायठा को 40.21 लाख, निर्तला को 38.80 लाख, किला शिवाजी वार्ड खुरई को 40.21 लाख, कठैली को 97.82 लाख, कुमरौल को 79.22 लाख, बाहरपुर को 60.52 लाख, बरोदिया नौनगर को 1.36 करोड़, भीलोन को 59.29 लाख, गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल खुरई को 1.95 करोड़ तथा ललिता शास्त्री गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल खुरई को 85.24 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।

मालथौन विकासखंड के 13 स्कूलों को 10.34 करोड़

इसी तरह मालथौन विकासखंड के 13 हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में अतिरिक्त निर्माण कार्यों के लिए कुल 10.34 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें अमारी रमगढ़ा को 59.29 लाख, बीजरी को 57.88 लाख, नवीन हाईस्कूल पाली रैयतवारी को 34.01 लाख, इमलियाखुर्द को 77.99 लाख, पहरगुवां को 38.80 लाख, खटौरा को 40.21 लाख, उजनेट को 50.70 लाख, खिरियाकलां को 76.75 लाख, सेवन को 1.61 करोड़, रोंड़ा को 1.78 करोड़, स्व. मीरा दुबे हायर सेकेंडरी स्कूल रजवास को 1.42 करोड़, बेसरा को 76.74 लाख तथा सागौनी को 40.21 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री का जताया आभार

पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने विधानसभा क्षेत्र के स्कूलों में अतिरिक्त निर्माण कार्यों की स्वीकृति प्रदान करने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और शालेय शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया है।

उन्होंने विश्वास जताया कि इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से खुरई विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अधिक सुविधाजनक, बेहतर और सुरक्षित वातावरण मिलेगा। साथ ही स्कूलों में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।

लोकेशन – सागर।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें