देवप्रबोधिनी एकादशी और तुलसी विवाह 20 नवंबर को, काशी के ऋषिकेश पंचांग के आधार पर डॉ. अनिल दुबे वैदिक ने स्पष्ट किया तिथि निर्णय

SHARE:

देवरी बिछुआ। देवप्रबोधिनी एकादशी एवं तुलसी विवाह की तिथि को लेकर कुछ स्थानों पर बनी भ्रम की स्थिति के बीच कर्मकांड एवं ज्योतिष विशेषज्ञ डॉ. अनिल दुबे वैदिक ने शास्त्रीय प्रमाणों के आधार पर 20 नवंबर 2026 को एकादशी व्रत और तुलसी विवाह आयोजित करने का निर्णय बताया है। उन्होंने काशी के ऋषिकेश पंचांग (विक्रम संवत् 2083) तथा धर्मशास्त्रीय विधान का हवाला देते हुए इस तिथि को उपयुक्त बताया।

डॉ. दुबे के अनुसार सनातन धर्म में कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवोत्थान, देवप्रबोधिनी अथवा हरिप्रबोधिनी एकादशी कहा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन भगवान श्रीहरि विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागृत होते हैं। इसी के साथ चातुर्मास व्रत का समापन होता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है।

ऋषिकेश पंचांग में एकादशी तिथि का समय

काशी के ऋषिकेश पंचांग, विक्रम संवत् 2083 के अनुसार कार्तिक शुक्ल एकादशी तिथि का प्रारंभ 19 नवंबर 2026, गुरुवार की रात्रि 2 बजकर 30 मिनट पर हुआ तथा इसका समापन 20 नवंबर 2026, शुक्रवार की रात्रि 2 बजकर 18 मिनट पर होगा। उदयातिथि के आधार पर 20 नवंबर को एकादशी व्रत रखा जाएगा।

भगवान विष्णु के प्रबोधन का विशेष महत्व

देवप्रबोधिनी एकादशी पर भगवान विष्णु को योगनिद्रा से जगाने के लिए विशेष मंत्र का उच्चारण किया जाता है—

उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द त्यज निद्रां जगत्पते। त्वया हि जगतां नाथ जगदेतच्चराचरम्॥

इस मंत्र के माध्यम से भगवान श्रीहरि से जागृत होकर सृष्टि का संचालन करने की प्रार्थना की जाती है।

स्कंद पुराण और धर्मसिंधु में तुलसी विवाह का विधान

डॉ. दुबे ने बताया कि श्रीस्कंद महापुराण के वैष्णवखंड स्थित कार्तिक माहात्म्य में कार्तिक शुक्ल नवमी से भगवान श्रीहरि की प्रतिमा को तुलसी के साथ स्थापित कर तीन दिनों तक पूजन एवं विवाहोत्सव करने का विधान बताया गया है।

वहीं काशीनाथ उपाध्याय विरचित धर्मसिंधु के कार्तिक प्रकरण में तुलसी विवाह के लिए नवमी से तीन दिन तक अथवा एकादशी से पूर्णिमा तक का विकल्प वर्णित है। इस आधार पर तुलसी विवाह को केवल द्वादशी तक सीमित मानना उचित नहीं है। कार्तिक शुक्ल पक्ष में शास्त्रानुसार निर्धारित तिथि पर यह आयोजन किया जा सकता है।

20 नवंबर को होंगे धार्मिक आयोजन

शास्त्रीय एवं पंचांग संबंधी विवेचन के आधार पर 20 नवंबर को भगवान श्रीहरि का पूजन, एकादशी व्रत तथा तुलसी माता और भगवान शालिग्राम का विवाहोत्सव आयोजित किया जा सकता है। विवाह संस्कार में कन्यादान, मंगलाष्टक, विवाह मंत्र, प्रदक्षिणा, आरती एवं प्रसाद वितरण जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे।

तुलसी विवाह का धार्मिक महत्व

तुलसी माता को भगवान विष्णु की अत्यंत प्रिय माना गया है। उनकी स्तुति में कहा गया है—

तुलसी श्रीसखि शुभे पापहारिणि पुण्यदे। नमस्ते नारदनुते नारायणमनःप्रिये॥

तुलसी विवाह भगवान विष्णु एवं माता तुलसी के दिव्य मिलन का प्रतीक है। यह पर्व दाम्पत्य जीवन की मंगलकामना, पारिवारिक सुख-समृद्धि और धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ है।

डॉ. अनिल दुबे वैदिक ने बताया कि काशी के ऋषिकेश पंचांग में दर्शाई गई तिथि तथा धर्मसिंधु में उपलब्ध विधान के अनुसार 20 नवंबर 2026 को एकादशी व्रत एवं तुलसी विवाह का आयोजन शास्त्रीय आधार पर किया जा सकता है।

सौजन्य: डॉ. अनिल दुबे वैदिक
कर्मकांड एवं ज्योतिष विशेषज्ञ, देवरी बिछुआ
संपर्क: 9936443138

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें