कम लागत और सीमित संसाधनों में मशरूम उत्पादन से बढ़ाई जा सकती है आय, दो दिवसीय प्रशिक्षण में दिया गया व्यावहारिक ज्ञान
सागर। ग्रामीण युवाओं, किसानों एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और आय के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र, सागर द्वारा 19 एवं 20 नवंबर 2026 को दो दिवसीय मशरूम उत्पादन एवं मूल्य संवर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. के.एस. यादव के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए कुल 65 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं उपस्थित अधिकारियों तथा अतिथियों के सम्मान के साथ किया गया। प्रशिक्षण में युवा कृषकों, युवक-युवतियों, किसानों और स्वरोजगार के इच्छुक प्रतिभागियों के अलावा गंजबासौदा कृषि महाविद्यालय की रावे छात्राओं ने भी भाग लिया। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से परियोजना अधिकारी विजय जैन, बम्होरी रेंगुआ सेक्टर की पर्यवेक्षक अजरा खान एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
प्रशिक्षण के दौरान वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. के.एस. यादव ने मशरूम उत्पादन की विभिन्न तकनीकों, प्रमुख प्रजातियों, उत्पादन प्रक्रिया, आवश्यक वातावरण, उत्पादन की संभावनाओं एवं विपणन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मशरूम उत्पादन कम भूमि और सीमित संसाधनों में शुरू किया जा सकने वाला बेहतर स्वरोजगार है, जिसके माध्यम से ग्रामीण युवा अपनी आय बढ़ा सकते हैं।
तकनीकी अधिकारी मयंक मेहरा ने मशरूम में पाए जाने वाले पोषक तत्वों, इसके सेवन से होने वाले स्वास्थ्य लाभ और दैनिक आहार में इसके महत्व की जानकारी दी। उन्होंने मशरूम से अचार, पाउडर सहित विभिन्न मूल्य संवर्धित उत्पाद तैयार करने की तकनीक भी समझाई। उन्होंने बताया कि उत्पादन के साथ प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन अपनाकर उत्पादों की बेहतर बिक्री की जा सकती है और अतिरिक्त आमदनी अर्जित की जा सकती है।
व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से समझाई उत्पादन तकनीक
प्रशिक्षण के दौरान मशरूम उत्पादन एवं मूल्य संवर्धन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। प्रतिभागियों को प्रत्येक चरण की जानकारी देते हुए उत्पादन लागत, विपणन एवं व्यवसाय शुरू करने से संबंधित समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. ममता सिंह, डॉ. विवेकिन पचौरी, डॉ. वैशाली शर्मा एवं तकनीकी अधिकारी मयंक मेहरा उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों की ओर से आलोक जैन ने महिला एवं बाल विकास विभाग के उपसंचालक विजय जैन तथा वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. के.एस. यादव का सम्मान किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं, किसानों एवं महिलाओं को मशरूम उत्पादन और प्रसंस्करण की तकनीकी जानकारी देकर स्वरोजगार, उद्यमिता तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।







