गौर जन्मस्थली पर आयोजित हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर

SHARE:

हृदय रोगों की जाँच के लिए ईसीजी सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए गए

गौर उत्सव 2026 के कार्यक्रमों के अंतर्गत पर डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य केंद्र द्वारा डॉ. गौर की जन्मस्थली शनीचरी में पहली बार निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय की इस अभिनव पहल के माध्यम से गौर जन्मस्थली एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को एक ही स्थान पर सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, हृदय रोगों की प्रारंभिक जाँच, मधुमेह परीक्षण तथा नेत्र परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर में लगभग 75 लोगों ने सहभागिता की तथा करीब 65 लोगों ने अपनी आँखों की जाँच कराई।
हृदय संबंधी समस्याओं की प्रारंभिक पहचान के उद्देश्य से इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम (ECG) के माध्यम से हृदय की विद्युत गतिविधियों एवं धड़कनों की जाँच की गई। इसके साथ ही रक्तचाप, रक्त शर्करा एवं हीमोग्लोबिन की जाँच भी की गई। नेत्र रोग विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लगभग 65 लोगों का नेत्र परीक्षण कर उन्हें आँखों के स्वास्थ्य, दृष्टि संबंधी समस्याओं एवं आवश्यक उपचार के संबंध में परामर्श दिया गया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. एस.पी. उपाध्याय ने गौर साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शिविर के आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि गौर जन्मस्थली पर इस प्रकार का स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाना सागर शहर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल है। इससे जन्मस्थली एवं आसपास के क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों को अपने स्वास्थ्य की जाँच कराने और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा एवं अकादमिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और जनकल्याण के क्षेत्र में भी इस प्रकार की पहल करना अत्यंत प्रशंसनीय है।

शिविर की संयोजक एवं विश्वविद्यालय के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक कुमार जैन ने बताया कि गौर जन्मस्थली शनीचरी में इस प्रकार का स्वास्थ्य परीक्षण शिविर पहली बार आयोजित किया गया है। शिविर में सामने आए उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह के मामलों से यह स्पष्ट होता है कि समाज में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और समय रहते रोगों की पहचान कितनी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह जैसी बीमारियाँ प्रारंभिक अवस्था में कई बार स्पष्ट लक्षण प्रदर्शित नहीं करतीं, लेकिन समय पर जाँच और उचित जीवनशैली अपनाकर इनके दुष्प्रभावों को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। डॉ. जैन ने कहा कि विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र का उद्देश्य केवल विश्वविद्यालय परिसर तक स्वास्थ्य सेवाओं को सीमित रखना नहीं है, बल्कि विश्वविद्यालय की सामाजिक जिम्मेदारी के अंतर्गत इन सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना भी है। गौर साहब की जन्मस्थली पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी आवश्यकता और उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप इस प्रकार की जनस्वास्थ्य गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। शिविर में उपस्थित सभी चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत लोगों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुरूप उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा आवश्यकतानुसार आगे की जाँच एवं उपचार कराने की सलाह दी।
शिविर में विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक कुमार जैन, डॉ. किरण माहेश्वरी एवं डॉ. भूपेंद्र पटेल तथा बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग से डॉ. शिवानी लंबोरिया एवं डॉ. पंकज अग्रवाल ने अपनी चिकित्सकीय सेवाएँ प्रदान कीं। यह शिविर गौरपीठ के अध्यक्ष प्रो. नवीन कांगो के विशेष सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इसके आयोजन में गौर जन्मस्थली शनीचरी के प्रभारी प्रदीप तिवारी का विशेष सहयोग रहा। शिविर के सफल संचालन में विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र के जयप्रकाश, प्रमोद कुशवाहा, पूजा कुर्मी, शिवांग ताम्रकार, अभिषेक रैकवार सहित अन्य कर्मचारियों एवं सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें