प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
सागर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सागर द्वारा आयोजित सात दिवसीय ‘न्यायोत्सव’ विधिक सेवा सप्ताह का समापन 20 नवंबर को हुआ। इस अवसर पर विधिक जागरूकता प्रदर्शनी आयोजित की गई और शहर में व्यापक जनजागरूकता बाइक रैली निकाली गई। सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एम.के. शर्मा के मार्गदर्शन तथा जिला न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के सचिव संतोष सैनी के निर्देशन में किया गया। विधिक सेवा सप्ताह 14 से 20 नवंबर 2026 तक आयोजित हुआ।
समापन दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण परिसर में राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं, नागरिकों के कानूनी अधिकारों तथा न्याय तक आमजन की पहुंच आसान बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को उनके अधिकारों और निःशुल्क कानूनी सहायता की सुविधाओं के प्रति जागरूक करना था।
न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर किया बाइक रैली का शुभारंभ
विधिक जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सुबह 8:30 बजे जिला न्यायालय परिसर से बाइक रैली निकाली गई। प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एम.के. शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित अन्य न्यायाधीशगण उपस्थित रहे।
रैली में पैरा लीगल वॉलंटियर्स, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य, पैनल अधिवक्ता, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अंकलेश्वर दुबे, अन्य अधिवक्तागण, सेंट्रिक राइडर्स ग्रुप सागर के सदस्य, विद्यार्थी एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
बाइक रैली जिला न्यायालय परिसर से प्रारंभ होकर पिपलापुरे मार्ग, कालीचरण तिराहा, आईजी बंगला, गोपालगंज थाना, झंडा चौक, दीनदयाल चौक, तीन मढ़िया, तीन बत्ती, कटरा मस्जिद, राधा तिराहा, भगवानगंज, कबूला पुल, कैंट थाना, रजाखेड़ी, मकरोनिया और सिविल लाइन होते हुए पुनः जिला न्यायालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी सम्मानित
समापन समारोह में विधिक सेवा सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रधान जिला न्यायाधीश एम.के. शर्मा ने शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में पारस विद्या विहार सागर की स्नेहल जैन, मानसी शर्मा एवं अमय तिवारी तथा शासकीय उच्चतर उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय के जागेश्वर लोधी, कृष्णा चौधरी एवं विराट लोधी शामिल रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों को कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और न्याय व्यवस्था से जुड़ी सुविधाओं के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।








