बंडा में शराब की तीन दुकानों से लिए गए नमूने, जांच के लिए भेजी जाएंगी 48 बोतलें

SHARE:

कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, देशी मसाला मदिरा की गुणवत्ता की होगी जांच; लाइसेंसधारी और निर्माता कंपनी को नोटिस जारी

सागर। बंडा में जहरीली शराब से मौतों के मामलों के बीच प्रशासन ने शराब की गुणवत्ता की जांच के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बंडा क्षेत्र की तीन मदिरा दुकानों का निरीक्षण कर देशी मसाला मदिरा के नमूने एकत्र किए हैं। तीनों दुकानों से कुल 48 बोतलें जांच के लिए सीलबंद की गई हैं।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान बस स्टैंड बंडा, जमुनिया और सागर-छतरपुर फोरलेन रोड स्थित मदिरा दुकानों से 180 एमएल की देशी मदिरा मसाला की 16-16 बोतलें नमूने के रूप में ली गईं। तीनों दुकानों के लाइसेंसधारी जंडेल सिंह गुर्जर हैं।

विभाग के अनुसार, नमूने के रूप में ली गई मदिरा ग्राम मेहर, झांसी रोड, सागर स्थित मेसर्स डीसीआर डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित और बॉटल की गई है।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक नियमों के तहत फॉर्म-VA के माध्यम से संबंधित लाइसेंसधारी, दुकान संचालकों और निर्माता कंपनी को विधिवत नोटिस जारी किए गए हैं।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि सभी नमूनों को गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि शराब के नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों और कंपनी के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि जिले में मिलावटखोरी और अमानक खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

अब जांच रिपोर्ट पर टिकी नजरें

बंडा में शराब से जुड़ी घटनाओं के बाद तीन दुकानों से लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट महत्वपूर्ण मानी जा रही है। रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि संबंधित मदिरा निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरी उतरती है या नहीं।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें