
सावन के पहले सोमवार को बच्चों ने निकाली आकर्षक कावड़ यात्रा, मंदिरों में किया जलाभिषेक
देवरी –
श्रावण मास के पहले सोमवार पर देवरी नगर में श्री खाटू श्याम समिति द्वारा छोटे बच्चों की भक्ति और उत्साह से ओतप्रोत कावड़ यात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा सुबह 7 बजे सिंहवाहिनी मंदिर, सूखचेन वार्ड से प्रारंभ हुई और नगर के प्रमुख मंदिरों में जलाभिषेक करते हुए पुनः सिंहवाहिनी मंदिर पर समाप्त हुई।

करीब 20 बच्चों ने “बोल बम” के जयकारों के साथ 7 किलोमीटर लंबी पदयात्रा में सहभागिता की। यात्रा का मुख्य आकर्षण यह था कि इसमें 3 साल से लेकर 15 साल तक के बच्चों ने भाग लिया, जो अपने कंधों पर कांवड़ रखकर भक्ति भाव से कदम से कदम मिलाते आगे बढ़ते रहे। यात्रा नगर के मुरलीधर मंदिर, बंधा पुल, गणेश मंदिर, खेड़ापति हनुमान मंदिर, जानकी रमण, पशुपतिनाथ फूटा मंदिर, नौ देवी, रामघाट, वन विभाग परिसर, मंडी परिसर, पटेल बाबा मंदिर और शिवधाम अस्पताल परिसर स्थित शिव मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों से होकर गुज़री।यह बच्चों की कावड़ यात्रा का दूसरा वर्ष था, जिसमें धैर्य, लक्ष्य, अमन, देवांश, ललित, ध्रुव, कृष्णा, ओम, नब, श्रेयांश, आरयू, काश, मधुर, पीयूष, लकी, अभय, नैतिक सहित कई बच्चों ने सहभागिता की। वहीं, सचिन, मोना, सोहन, दिनेश सहित समिति के सदस्य इस आयोजन में सक्रिय रहे। नगरवासियों ने जगह-जगह फूल बरसाकर बच्चों का स्वागत किया और इस भक्ति यात्रा को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। यह आयोजन नन्हें बच्चों की आस्था और शिवभक्ति की मिसाल बन गया।











