खेल युवाओं में अनुशासन, एकाग्रता और निर्णय क्षमता विकसित करते हैं : अविराज सिंह

SHARE:


खुरई। युवा नेता अविराज सिंह ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन या प्रतियोगिता का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल के मैदान में परिस्थितियां पलक झपकते बदलती हैं और खिलाड़ियों को कुछ ही क्षणों में सही निर्णय लेना होता है। यही त्वरित निर्णय क्षमता, लक्ष्य के प्रति अर्जुन जैसी एकाग्रता, अनुशासन और संघर्ष की भावना युवाओं के स्वभाव का हिस्सा बनती है।
अविराज सिंह शासकीय पं. के.सी. शर्मा उत्कृष्ट विद्यालय, खुरई में आयोजित संभागीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी चैंपियन रातों-रात तैयार नहीं होता। उसके पीछे वर्षों की मेहनत, निरंतर अभ्यास, संघर्ष और अनेक असफलताओं की कहानी होती है। इसलिए विद्यार्थियों को खेल को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि खेलों में बिताया गया समय कभी व्यर्थ नहीं जाता, बल्कि यह भविष्य की सफलता के लिए किया गया निवेश है। खेल युवाओं को मोबाइल स्क्रीन की लत और नशे जैसी नकारात्मक आदतों से दूर रखने का सशक्त माध्यम भी हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं में टीम भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है।
खेलों में रोजगार और करियर के भी बढ़े अवसर
अविराज सिंह ने कहा कि आज खेलों का क्षेत्र केवल खिलाड़ी बनने तक सीमित नहीं है। स्पोर्ट्स मैनेजमेंट, स्पोर्ट्स जर्नलिज्म, स्पोर्ट्स मेडिसिन, फिजियोथेरेपी, डेटा एनालिटिक्स, फिटनेस और स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार और करियर के नए अवसर उपलब्ध हैं। खेल से जुड़े स्टार्टअप और फिटनेस सेवाओं के माध्यम से युवा स्वयं रोजगार प्राप्त करने के साथ दूसरों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जब कोई भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक जीतता है और राष्ट्रगान बजता है, तो उसकी उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व का विषय बनती है। रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, मैरी कॉम और नीरज चोपड़ा जैसे खिलाड़ियों ने संघर्ष और निरंतर परिश्रम के बल पर ऊंचा मुकाम हासिल किया है।
उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की यात्रा युवाओं को यह संदेश देती है कि आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियां व्यक्ति की राह को कठिन जरूर बना सकती हैं, लेकिन उसके सपनों की सीमा तय नहीं कर सकतीं। निरंतर अभ्यास, परिवार का सहयोग और लक्ष्य के प्रति विश्वास व्यक्ति को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
बेटियों की खेलों में भागीदारी समाज के लिए प्रेरणा
अविराज सिंह ने कहा कि जब हमारी बेटियां खेल के मैदान में उतरती हैं तो वे केवल पदक के लिए नहीं खेलतीं, बल्कि अपनी सफलता के माध्यम से समाज में नई सोच और आत्मविश्वास का संदेश भी देती हैं। मैरी कॉम का संघर्ष और नीरज चोपड़ा की सफलता यह बताती है कि छोटे शहरों, गांवों और सामान्य परिवारों से आने वाले युवा भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि हार से निराश होने के बजाय उससे सीखना चाहिए और जीत मिलने पर विनम्र रहना चाहिए। यही खेल भावना जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का आधार बनती है।
खुरई में खेल अधोसंरचना का हो रहा विस्तार
अविराज सिंह ने कहा कि खुरई विधानसभा क्षेत्र में पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ विधायक भूपेन्द्र सिंह के प्रयासों से खेल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है। क्षेत्र में स्टेडियम, जिम, बैडमिंटन कोर्ट, पार्क और ओपन जिम जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि खुरई में लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से इंटरनेशनल वाटर स्पोर्ट्स सुविधा का निर्माण कराया जा रहा है, जो लगभग पूर्ण हो चुकी है और अगले माह इसके लोकार्पण की तैयारी है। वहीं मालथौन में लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक ग्राउंड और खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
खुरई में लव-कुश चौराहे के पास लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक ग्रास और ट्रैक सहित नया स्टेडियम विकसित किया जा रहा है। इन सुविधाओं से क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों में बेहतर प्रशिक्षण एवं अभ्यास का अवसर मिलेगा।
उत्कृष्ट विद्यालय में भी विकसित हुईं खेल सुविधाएं
उन्होंने कहा कि शासकीय पं. के.सी. शर्मा उत्कृष्ट विद्यालय में लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से इनडोर स्टेडियम और अंतरराष्ट्रीय स्तर की इनडोर खेल सुविधाएं विकसित की गई हैं। क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर इंडोर गेम्स की सुविधाओं के विस्तार से विद्यार्थियों और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर वातावरण मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि किसी क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए केवल प्रतिभा पर्याप्त नहीं होती। इसके लिए अच्छे मैदान, प्रशिक्षण, संसाधन और निरंतर अभ्यास की सुविधाएं भी जरूरी हैं। खुरई विधानसभा क्षेत्र में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने का उद्देश्य यही है कि ग्रामीण और छोटे शहरों के प्रतिभाशाली विद्यार्थी भी संभाग, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
जनसंवाद में सुनीं आमजन की समस्याएं
अविराज सिंह ने ऑफिसर्स कॉलोनी, खुरई स्थित विधायक कार्यालय में आयोजित जनसंवाद में भी सहभागिता की। इस दौरान आमजन एवं कार्यकर्ताओं से उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली गई तथा संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्यवाही और समाधान की दिशा में चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों के माध्यम से मजबूत बनाना और जनसंवाद के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं को समझना, दोनों ही क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं। युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा मिले, उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों और आमजन की समस्याओं का समय पर समाधान हो, इसके लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।
कार्यक्रम में श्रीमती नन्ही बाई अहिरवार, राहुल चौधरी, रविंद्र राजपूत, हेमचंद बजाज, देशराज यादव, बलराम यादव, इंद्रकुमार राय, इंद्रराज ठाकुर, मोना सिंघाई, लाखन सिंह यादव, प्रवीण जैन, हेमंत राजा, रुपेश गोस्वामी, राजेंद्र सेंगर बीआरसी, आरएस शर्मा, रविंद्र असाटी प्राचार्य, एसएल साहू, श्रीमती सुल्पना नायक और विनोद रॉय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, विद्यार्थी, खेलप्रेमी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें