सागर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा सागर जिले में बूथ स्तर से लेकर विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर उनका पुण्य स्मरण किया गया। कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान और सेवा गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
अंत्योदय और एकात्म मानववाद को जनसेवा का आधार बनाने का आह्वान
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन निर्माण और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने एकात्म मानववाद और अंत्योदय के माध्यम से ऐसा विचार दिया, जिसमें विकास के केंद्र में समाज का अंतिम व्यक्ति है।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल जी ने स्वावलंबन, स्वदेशी, सामाजिक समरसता और अंत्योदय को राष्ट्र की प्रगति का आधार माना। उनके विचार आज भी कार्यकर्ताओं को सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देते हैं।
श्याम तिवारी ने कहा कि जयंती केवल पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के व्यक्तित्व को स्मरण करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके विचारों को आचरण और कार्यों में उतारने का संकल्प दिवस है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और जनकल्याण की भावना पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
बूथ स्तर तक मनाई गई जयंती
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि सागर जिले के विभिन्न मंडलों एवं बूथों पर आयोजित कार्यक्रमों में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके जीवन, विचारों और राष्ट्रसेवा में योगदान को याद किया।
इस अवसर पर स्वच्छता एवं सेवा गतिविधियों में भी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रमों में जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, बूथ समितियों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







