
आंगनबाड़ी सहायिकाओं के सम्मान से शुरू हुआ सेवा अभियान, माताओं और नन्हे-मुन्नों तक पहुंचेगा सेवा का संदेश
सागर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत सागर जिले में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। जिले की 1410 आंगनबाड़ियों तक पहुंचने वाला यह अभियान सेवा, संवाद और सामाजिक सहभागिता को विस्तार देगा।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर सागर विधानसभा की आंगनबाड़ी क्रमांक 77 पहुंचकर भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने सहायिका शांति चौरसिया व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रेशमा चौरसिया का आत्मीय स्वागत-अभिनंदन कर सम्मानित किया तथा उन्हें प्रशस्ति पत्र भेंट कर संवाद किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि आंगनबाड़ी सहायिकाएं माताओं और नन्हे बच्चों तक सेवा की पहली कड़ी के रूप में पहुंचती हैं। बच्चों के पोषण, देखभाल और आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं में उनका निरंतर योगदान महत्वपूर्ण है। ‘आंगन मिलन सेवा’ के प्रथम चरण में उनका सम्मान उनके समर्पण और सेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा को राष्ट्र निर्माण का आधार बनाया है। माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा कल्याण से जुड़ी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री जी के सेवा संकल्प को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में इनकी सहभागिता भी उतनी ही जरूरी है।
तिवारी ने कहा कि आंगनबाड़ी सहायिकाओं का कार्य केवल केंद्र की व्यवस्थाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि वे परिवारों और शासन की योजनाओं के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु हैं। उनकी संवेदनशीलता और निरंतर संपर्क से जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ पहुंचाने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवाभावी योगदान को सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी भी है और कृतज्ञता भी।
तीन चरणों में होगा अभियान
1410 आंगनबाड़ियों में ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहले चरण में आंगनबाड़ी सहायिकाओं का सम्मान, दूसरे चरण में बच्चों की गतिविधियां और तीसरे चरण में अभिभावक संवाद होगा।
अभियान के माध्यम से महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी शासन की योजनाओं की जानकारी भी हितग्राही परिवारों तक पहुंचाई जाएगी। कार्यकर्ता आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से माताओं, बच्चों और अभिभावकों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध सुविधाओं एवं योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करेंगे।
तिवारी ने कहा कि भाजपा संगठन की कार्यसंस्कृति में सेवा, संपर्क और संवेदना सदैव प्रमुख रहे हैं। ‘आंगन मिलन सेवा’ इसी भावना को समाज के बीच ले जाने का माध्यम है, जिसमें कार्यकर्ता परिवारों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए सेवा के संकल्प को जनभागीदारी में बदलेंगे।
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि संगठनात्मक सागर जिले की सभी आँगनबाड़ी केन्द्रो में आँगन मिला सेवा कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ। जिसके अंतर्गत जनप्रतिनिधि,पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ताओं ने आँगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर सहायिकाओं का सम्मान किया है।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मनोनीत पार्षद श्री सुबोध पाराशर,वरिष्ठ नेता विनय मिश्रा, लोकनाथ पटेल एवं पुष्पा पटेल उपस्थित रहीं।







