
देवरी। सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल एवं पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के देवरी आगमन की सूचना मिलते ही कृषि उपज मंडी जाने वाली मुख्य सड़क पर बने गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया गया। लंबे समय से बदहाल सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढों के कारण लोगों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
दरअसल, कृषि उपज मंडी में आयोजित जनविश्वास अभियान शिविर में कलेक्टर एवं एसपी के पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित था। कार्यक्रम की सूचना के बाद संबंधित अमले ने मंडी के मुख्य मार्ग पर सड़क के गड्ढों को भरने की कार्रवाई शुरू कर दी।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क की हालत लंबे समय से खराब थी। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को लगातार परेशानी होती रही, लेकिन नियमित रूप से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। अधिकारियों के आगमन की सूचना मिलते ही अचानक गड्ढे भरने का काम शुरू होने से यह स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया।
नागरिकों ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि अधिकारियों के दौरे के दौरान सड़क के गड्ढे तत्काल भरे जा सकते हैं, तो आम दिनों में इस समस्या का स्थायी समाधान क्यों नहीं किया गया?
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव और गड्ढों के कारण होने वाली परेशानी से लोगों को राहत मिल सके।







