जनविश्वास शिविर में 43 आवेदनों पर सुनवाई, 105 राजस्व अभिलेख सुधार प्रकरणों का निराकरण

SHARE:


मौके पर उपलब्ध कराए गए आवश्यक दस्तावेज, 15 हितग्राहियों को स्वरोजगार योजनाओं के स्वीकृति पत्र वितरित


टीकमगढ़, 26 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत टीकमगढ़ विकासखंड में जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। संभागायुक्त दिलीप कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता सिंह एवं कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में आमजन की समस्याओं और शिकायतों से संबंधित 43 आवेदनों पर सुनवाई की गई।
शिविर में राजस्व अभिलेख सुधार से संबंधित 105 प्रकरणों का निराकरण किया गया और आवेदकों को आवश्यक दस्तावेज मौके पर ही उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदनों का भी नियमानुसार निराकरण किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर राजस्व अभिलेख सुधार, भूमि संबंधी प्रकरण, बीपीएल कार्ड, संबल कार्ड, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, प्रधानमंत्री आवास सहित अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। संभागायुक्त दिलीप कुमार और कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को पात्रता के आधार पर आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
उद्यमियों से संवाद, 15 हितग्राहियों को मिले स्वीकृति पत्र
शिविर के दौरान संभागायुक्त दिलीप कुमार ने उद्यमियों रजनीश बिहारी मिश्रा, अमित भास्कर, विवेक कुमार गुप्ता, ज्योति सिंह एवं ओमप्रकाश मिश्रा से संवाद कर उनके व्यवसाय, आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली।
इस दौरान मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, पीएमएफएमई, पीएम विश्वकर्मा, पीएम स्वनिधि, उद्यानिकी विभाग की क्षेत्र विस्तार योजना एवं एनआरएलएम स्व-सहायता समूह ऋण योजना सहित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत पात्र 15 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। साथ ही औद्योगिक क्षेत्र सुनौरा-खिरिया में आवंटित भूखंडों पर व्याप्त अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने और उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
इंफ्लूएंसर्स से संवाद कर कंटेंट की जानकारी ली
कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने जिले के इंफ्लूएंसर्स अमन सोनी, मयूर तिवारी एवं अदिति मिश्रा से संवाद किया। उन्होंने उनके द्वारा तैयार किए जा रहे कंटेंट की जानकारी लेते हुए समाजहित, जनजागरूकता और ज्ञानवर्धक विषयों पर उपयोगी कंटेंट तैयार करने का सुझाव दिया।
प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद
जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता सिंह ने कहा कि जनविश्वास अभियान का उद्देश्य नागरिकों को शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ सहज, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जनविश्वास शिविरों के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है तथा नागरिकों की समस्याओं का उनके क्षेत्र में ही समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
संभागायुक्त दिलीप कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में नियमानुसार निराकरण किया जाए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ विशाल धाकड़, एसडीएम टीकमगढ़ संस्कृति मुदित लटोरिया, तहसीलदार टीकमगढ़ सतेंद्र गुर्जर, जनपद पंचायत सीईओ मनीष शेंडे सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें