संभाग आयुक्त ने टीकमगढ़ में विकास कार्यों और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

SHARE:


जनविश्वास एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण, अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के निर्देश


सागर, 26 सितंबर 2026। सागर संभाग आयुक्त दिलीप कुमार ने कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय एवं जिला पंचायत सीईओ विशाल धाकड़ के साथ टीकमगढ़ जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं और जनहित से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बड़ागांव खुर्द में अंडरग्राउंड ड्रेनेज सिस्टम का निरीक्षण
संभाग आयुक्त ने ग्राम पंचायत बड़ागांव खुर्द में विकसित किए जा रहे अंडरग्राउंड ड्रेनेज सिस्टम का निरीक्षण किया। उन्होंने सरपंच से योजना की प्रगति और अब तक हुए कार्यों की जानकारी ली। बताया गया कि ग्राम के कई घरों को ड्रेनेज सिस्टम से जोड़ा जा चुका है, जबकि शेष कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने ग्राम के शेष हिस्सों को भी ड्रेनेज व्यवस्था से जोड़ने तथा चरणबद्ध तरीके से खुली नालियों को बंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यवस्था को स्वच्छ एवं व्यवस्थित ग्राम की दिशा में उपयोगी पहल बताया।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर हालिया बारिश से फसलों को हुए नुकसान की जानकारी ली और तहसीलदार को फसल क्षति का सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के एएचपी प्रोजेक्ट का जायजा
नगर पालिका टीकमगढ़ के ढोंगा स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एएचपी प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण किया गया। संभाग आयुक्त ने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र के सभी पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिले और कोई भी पात्र परिवार आवास सुविधा से वंचित न रहे। उन्होंने आवेदन एवं हितग्राही चयन प्रक्रिया को ऑनलाइन और पारदर्शी रखने पर जोर दिया।
छात्रावास में विद्यार्थियों से किया संवाद
संभाग आयुक्त ने कलेक्टर के साथ शासकीय अनुसूचित जाति सीनियर नवीन छात्रावास, ढोंगा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर भोजन, आवास और अन्य उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
उन्होंने नाश्ता, दोपहर और रात्रि के भोजन की व्यवस्था के संबंध में विद्यार्थियों से जानकारी ली तथा वितरित किए जा रहे भोजन को स्वयं चखकर उसकी गुणवत्ता का जायजा लिया। विद्यार्थियों से विद्यालय, पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों पर भी चर्चा की गई।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का भी संभाग आयुक्त ने निरीक्षण किया। उन्होंने जूनियर और सीनियर वर्ग के चयनित छात्र-छात्राओं की चित्रकलाओं का अवलोकन किया।
उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही अधिकारियों एवं शिक्षकों को विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और प्रतियोगिताओं के बेहतर आयोजन के संबंध में निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर शिवप्रसाद मंडराह, एसडीएम टीकमगढ़ संस्कृति मुदित लटोरिया, तहसीलदार सतेंद्र गुर्जर और जिला पंचायत समन्वयक (स्वच्छता) मनीष जैन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें