सेवा संकल्प यात्रा का सागर में भव्य स्वागत, युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में योगदान का आह्वान

SHARE:


सागर, 27 सितंबर 2026। वडनगर से वाराणसी जा रही सेवा संकल्प यात्रा के रूट क्रमांक-3 का सागर शहर में आगमन हुआ। यात्रा के शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों से गुजरने के दौरान स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न वर्गों ने पुष्पवर्षा एवं पुष्पमालाओं से यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन भी किया गया।
सेवा संकल्प यात्रा के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी, स्वच्छता, नशामुक्ति, रक्तदान, महिला सशक्तिकरण, युवाओं की सहभागिता और विकसित भारत के संकल्प का संदेश दिया जा रहा है। मोतीनगर चौराहे पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, महिलाएं और आमजन मौजूद रहे।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा केवल यात्रा नहीं, बल्कि सेवा और संकल्प की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।
उन्होंने आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, लाड़ली बहना योजना और किसान कल्याण एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद वर्गों को सहायता पहुंचाई जा रही है।
राज्यसभा सांसद गुजरात मुकेश राठवा ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा का उद्देश्य सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित, समृद्ध और वैभवशाली राष्ट्र बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने जनजातीय विकास और महिला सशक्तिकरण के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि वडनगर से वाराणसी तक की यह यात्रा देश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जुड़ने के साथ सेवा और संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने सागर की जनता की ओर से यात्रियों का स्वागत करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्व का निर्वहन करना होगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने युवाओं से लघु एवं छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने तथा समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छता, नशामुक्ति और रक्तदान जैसे सेवा कार्यों में युवाओं की सहभागिता पर जोर दिया। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचारों का उल्लेख करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण का लाभ पहुंचाने की बात कही।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विभिन्न वार्डों के पार्षद, सिटी मजिस्ट्रेट सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें