
दिवारी नृत्य बुंदेली धरा के शौर्य एवं पराक्रम का प्रतीक है–विधायक लारिया
(मोठी में 17वें बुंदेली वार्षिक दिवारी नृत्य समारोह की रही धूम )
(ग्वाल समाज मंगल भवन के लिए 50 लाख, मोठी में सामुदायिक भवन के लिए 5 लाख की घोषणा और गयागंज में ग्वाल समाज के 38 लाख रू.के मंगल भवन लोकार्पण का दिया आमंत्रण)
सागर/02.11.2025
नरयावली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मोठी में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी शनिवार को बुंदेली वार्षिक उत्सव दिवारी नृत्य समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन का 17वां वर्ष रहा। समारोह में क्षेत्रभर से दिवारी दलों ने हिस्सा लिया। ढोल नगाड़ों की थाप और जोश से भरे अंदाज में बुंदेली युवकों ने नृत्य करते हुए अनोखी छाप बिखेरी।
इस समारोह में नरयावली विधायक विधायक इंजी.प्रदीप लारिया की उपस्थिति ने नया जोश भर दिया। विधायक श्री लारिया ने न सिर्फ दिवारी गायी बल्कि ढोल-नगाड़ों पर थिरके और इस अभिन्न परंपरा का हिस्सा बने। क्षेत्रभर से आये लोगों ने उनके साथ नृत्य कर समारोह का पूरा आनंद लिया।
इस अवसर पर विधायक लारिया ने कहा कि बुंदेलखंड का दिवारी नृत्य अनूठी विधा है। कार्तिक मास और दीपावली में इस लोक विधा की धूम मचने लगती हैं,अपने पूरी रंग में नजर आती है। यह परंपरा न केवल अद्भुत शारीरिक कौशल दिखाती है बल्कि आपसी एकता और भाईचारे का संदेश भी देती है। इसकी झलक देखने लोग खुद को झूमने से नहीं रोक पाते हैं। यह अनोखी विद्या लोगों के दिलों को जोड़ती है। सदियों से लोग इस परंपरा को जीवंत किए हुए हैं। यह बुंदेली धरा के शौर्य एवं पराक्रम का प्रतीक है। यह अनोखी परंपरा बुंदेली लोक संस्कृति का अभिन्न अंग भी है। विधायक श्री लारिया ने इस परंपरा को विगत 17 वर्षों से जीवंत रखने के लिए आयोजक बलदाऊ महाराज, मोठी एवं टीम की हौसला अफजाई कर अभिनंदन किया।
विधायक लारिया ने इस अवसर पर ग्वाल समाज के मंगल भवन हेतु 50 लाख, मोठी में सामुदायिक भवन हेतु 5 लाख रू.की घोषणा की और गयागंज में 38 लाख रू.से शीघ्र निर्मित हो रहे ग्वाल समाज के सामुदायिक भवन के लोकार्पण में सभी उपस्थितों को आमंत्रित भी किया।
इस अवसर पर यादव महासभा अध्यक्ष शिवशंकर यादव,एड. राजेंद्र यादव, शारदा खटीक, सरबजीत सिंह लोधी, चंदन यादव, सोहन लोधी, ऑफिसर यादव, राम सिंह यादव, कृष्ण मुरारी यादव,कोमल यादव, मुरारी यादव सहित क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और दिवारी नृत्य समितियों ने सहभागिता की।











