विश्वविद्यालय : नशा मुक्त भारत अभियान के पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ग्राम पथरिया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

विश्वविद्यालय : नशा मुक्त भारत अभियान के पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ग्राम पथरिया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सागर, 17 नवम्बर। नशा मुक्त भारत अभियान के पाँच वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ग्राम पथरिया में विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवकों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय निवासियों, युवाओं और स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को नशामुक्त बनाना और नशे के दुष्प्रभावों तथा रोकथाम के उपायों के प्रति जागरूक करना था ।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम वासियों को नशा मुक्त भारत अभियान से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। ग्रामीण जनों को शपथ भी दिलाई गई. लोगों को हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया, ताकि किसी भी ज़रूरतमंद व्यक्ति को समय पर सहायता मिल सके। साथ ही, नशा मुक्ति केंद्रों की भूमिका, उनकी सेवाओं और उनसे संपर्क करने के तरीकों को भी विस्तार से समझाया गया। स्वयंसेवकों ने व्यक्तिगत स्तर पर लोगों से संवाद किया, उन्हें नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक प्रभावों के बारे में समझाया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।
सामुदायिक चर्चा में ग्रामीणों ने भी अपने विचार और अनुभव साझा करते हुए नशा उन्मूलन के प्रति अपनी चिंता और प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने कहा कि परिवार, समाज और युवा मिलकर ही नशा मुक्त वातावरण बना सकते हैं। इसके साथ ही, उपस्थित सभी सहभागियों ने नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा लेते हुए स्वयं को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अभियान का सञ्चालन राष्ट्रीय सेवा योजना की विद्यार्थी समन्वयक श्रेया श्रीवास्तव और कृतिका रानी ने किया.

Leave a Comment

Read More