
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही छात्र न केवल एक सभ्य नागरिक बनते है, बल्कि अपनी मेहनत से परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करते हैं-विधायक लारिया
(शेमराॅक ब्लूमिंग किड्स प्राइमरी स्कूल के वार्षिक उत्सव में विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम से बांधा समां)
सागर/28.11.2025
स्कूल का वार्षिक उत्सव छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है जो छात्रों की प्रतिभा को निखारने, उपलब्धियों का जश्न मनाने और आत्मविश्वास व टीम भावना को बढ़ावा देने में मदद करता है।
यह समारोह शैक्षणिक और सांस्कृतिक विकास को प्रोत्साहित करने के साथ ही छात्रों को एक मंच प्रदान करता है जहाँ वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं और स्कूल परिवार में एकता और गौरव की भावना को प्रगाढ़ता मिलती है।
उक्त उद्गार नरयावली विधायक इंजी.प्रदीप लारिया ने केंट स्थित
शेमरॉक ब्लूमिंग किड्स प्राइमरी स्कूल के वार्षिक उत्सव कार्यक्रम अवसर पर व्यक्त किए।
विधायक श्री लारिया ने आगे कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही छात्र न केवल एक सभ्य नागरिक बनते है बल्कि अपनी मेहनत से परिवार और क्षेत्र का नाम भी रोशन करते हैं।
शुक्रवार को केंट स्थित शेमरॉक ब्लूमिंग किड्स प्राइमरी स्कूल ने वार्षिक उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया। समारोह में नरयावली विधायक इंजी.प्रदीप लारिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती जी के चित्र पर पुष्प माला अर्पित कर दीप-धूप प्रज्ज्वलित कर वंदना कर किया गया।
स्कूल प्रभारी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए स्कूल की शैक्षणिक, सहगामी गतिविधियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों के प्रदर्शन की विस्तृत जानकारी सांझा की।
विद्यालय के नौनिहालों ने बच्चों साहित्यिक, सांस्कृतिक व अन्य गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि नन्हें-मुन्ने बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थितों को मंत्रमुग्ध किया, अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में प्रतिभावान एवं मेधावी बच्चों को एवं उत्कृष्ट शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर स्कूल संचालक तरविंदर सिंह भाटी, प्राचार्य श्रीमती मोहिता मिश्रा,बड़ी संख्या में बच्चों के अभिभावक, स्कूल परिवार एवं विशिष्टजन उपस्थित रहे।











