
खुरई कृषि महाविद्यालय में 22 पदों की पूर्ति हेतु विज्ञापन जारी
खुरई में आई.टी.आई. खोले जाने की सैद्धांतिक स्वीकृति
विधानसभा में भूपेन्द्र सिंह के प्रश्न के उत्तर में प्राप्त जानकारी
सागर/खुरई। के कृषि महाविद्यालय में 01 अधिष्ठाता सहित सहायक प्राध्यापकों के 21 पदों पर नियुक्ति हेतु प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसके साथ ही आई.टी.आई. की स्थापना हेतु खुरई विकासखण्ड को शामिल किया गया है। यह जानकारी पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह के प्रश्नों पर विधानसभा में दी गई है।
पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ विधायक भूपेन्द्र सिंह के प्रश्न के उत्तर में किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने बताया है कि खुरई के कृषि महाविद्यालय में स्वीकृत सहायक प्राध्यापक के 23 पद एवं अशैक्षणिक संवर्ग के समस्त 54 पद रिक्त हैं। अधिष्ठाता के एक पद सहित सहायक प्राध्यापकों के 21 पदों को भरने विज्ञापन जारी किये गये हैं। खुरई कृषि महाविद्यालय में प्रयोगशाला उपकरण, प्रोजेक्टर, फर्नीचर इत्यादि को क्रय किये जाने की प्रशासनिक अनुमति प्रदान कर दी गई है। मंत्री कंसाना ने बताया है कि खुरई कृषि महाविद्यालय के 40 छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय के अन्य केन्द्रों/महाविद्यालय में अध्यापन हेतु भेजे जाने संबंधी कार्यवाही वर्तमान में प्रस्तावित नहीं है। पूर्व गृह मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक भूपेन्द्र सिंह के प्रश्न पर जबाव देते हुए कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री श्री गौतम टेटवाल ने बताया है कि विभाग की नीति प्रत्येक विकासखण्ड में एक शासकीय आई.टी.आई. प्रारंभ करने की है। वर्तमान में 51 आई.टी.आई. विहीन विकासखण्डों में शासकीय आई.टी.आई. प्रारंभ किया जाना विभाग की प्राथमिकता है, जिसमें विकासखण्ड खुरई भी सम्मिलित है।











