सागर पुलिस दिनांक 01/11/26
थाना केसली पुलिस की अवैध आतिशबाजी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई
ग्राम सहजपुर में मकान के अंदर अवैध रूप से भंडारित ₹52,000/- कीमत के विभिन्न प्रकार के पटाखे किए जप्त
बिना लाइसेंस विस्फोटक सामग्री का भंडारण करने वाले आरोपी के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध
सागर, दिनांक 01 नवंबर 2026।
आगामी त्योहारी एवं विवाह समारोहों के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए अवैध रूप से आतिशबाजी एवं विस्फोटक सामग्री का भंडारण, परिवहन एवं विक्रय करने वालों के विरुद्ध सागर पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सागर संजीव सिंहा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस देवरी अरुण उइके के निर्देशन में थाना केसली पुलिस ने ग्राम सहजपुर में एक मकान पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भंडारित लगभग ₹52,000/- कीमत के विभिन्न प्रकार के पटाखे जप्त किए हैं।
मुखबिर सूचना पर की गई कार्रवाई
थाना केसली पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सहजपुर निवासी मिन्टू उर्फ सौरभ जैन अपने मकान में बिना वैध लाइसेंस के विभिन्न प्रकार के पटाखों का अवैध भंडारण किए हुए है।
सूचना की तस्दीक उपरांत थाना प्रभारी केसली धर्मराज सिंह बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा हमराह बल एवं स्वतंत्र गवाहों के साथ आरोपी के मकान पर पहुंचकर विधिवत तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान मकान के एक कमरे में रखी लोहे की पलंग पेटी के अंदर विभिन्न प्रकार के छोटे-बड़े पटाखे अवैध रूप से भंडारित मिले। पुलिस टीम द्वारा मौके पर समस्त आतिशबाजी सामग्री विधिवत जप्त की गई, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹52,000/- है।
आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई
आरोपी मिन्टू उर्फ सौरभ पिता स्व. राजकुमार जैन, उम्र 41 वर्ष, निवासी ग्राम सहजपुर के विरुद्ध थाना केसली में अपराध क्रमांक 249/2026 धारा 125, 288 भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 9(ख)(1)(ख) विस्फोटक अधिनियम 1884 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
प्रकरण में सात वर्ष से कम दंड के प्रावधान होने के कारण आरोपी को मौके पर धारा 35(3) BNSS के अंतर्गत नोटिस तामील कर वैधानिक रूप से पाबंद किया गया है।
सागर पुलिस की अपील
सागर पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। बिना वैध अनुमति के पटाखों एवं विस्फोटक सामग्री का भंडारण करना गंभीर सुरक्षा जोखिम उत्पन्न कर सकता है। अतः कोई भी व्यक्ति अवैध रूप से आतिशबाजी सामग्री का भंडारण अथवा विक्रय न करे। ऐसे मामलों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
सागर पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।







