बण्डा शराब कांड पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने शासन-प्रशासन को घेरा, बोले- मौतों की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई

SHARE:

जिले में बार-बार पदस्थ होने वाले जिला, पुलिस और आबकारी विभाग के मैदानी अमले की भूमिका भी जांच के दायरे में आए

सागर। बण्डा के ग्राम सेमरा रामचन्द्र में शराब के सेवन के बाद दो युवकों की मौत और एक अन्य युवक की तबीयत बिगड़ने के मामले ने एक बार फिर जिले में अवैध एवं जहरीली शराब के कारोबार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि सागर जिले में अवैध एवं जहरीली शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए शासन-प्रशासन द्वारा किए जा रहे दावे खोखले साबित हो रहे हैं। बण्डा-शाहगढ़ के बाद केसली, नरयावली के ईसरवारा, सागर के मछरयाई और अब बण्डा के ग्राम सेमरा रामचन्द्र में शराब के सेवन के बाद मौत एवं लोगों के बीमार होने की घटनाएं सामने आना प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि लगातार हो रही इन घटनाओं से स्पष्ट है कि जिले में अवैध एवं जहरीली शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि मौतों की वास्तविकता सामने लाने के बजाय पूरे मामले की सच्चाई पर पर्दा डालने की कोशिश होती दिखाई दे रही है। आखिर ऐसी कौन सी परिस्थितियां हैं, जिनके चलते जिले में एक के बाद एक इस तरह की घटनाएं हो रही हैं और जिम्मेदार अधिकारी प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहे हैं?

जिला, पुलिस और आबकारी विभाग के मैदानी अमले की भूमिका की जांच की मांग

पूर्व मंत्री ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले कई वर्षों से सागर जिले में पदस्थ रहे और स्थानांतरण के बाद बार-बार पुनः जिले में पदस्थ होने वाले मैदानी अमले की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से जिले में कार्यरत इस अमले को विभिन्न क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार, उसके नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की जानकारी होने के बावजूद इस पर प्रभावी अंकुश क्यों नहीं लगाया जा सका? यह गंभीर जांच का विषय है। संबंधित कर्मचारियों के कार्यकाल, कार्यप्रणाली और उनके द्वारा की गई कार्रवाई की सूक्ष्मता से जांच कराई जाए, ताकि अवैध शराब के कारोबार को संरक्षण देने, लापरवाही बरतने अथवा अन्य अनियमितताओं से जुड़े तथ्य सामने आ सकें।

नशामुक्ति अभियानों के जमीनी असर पर उठाए सवाल

चौधरी ने कहा कि शासन-प्रशासन नशे के खिलाफ अभियान चलाकर लाखों लोगों को जागरूक करने के दावे करता है, लेकिन सागर जिले में इन अभियानों का जमीनी असर दिखाई नहीं दे रहा है। लगातार सामने आ रही मौतों और लोगों के बीमार होने की घटनाएं प्रशासनिक दावों की वास्तविकता पर सवाल खड़े करती हैं।

उन्होंने मांग की कि ग्राम सेमरा रामचन्द्र में हुई मौतों के पूरे मामले की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष एवं सूक्ष्म जांच कराई जाए। साथ ही जिले में शराब के सेवन से हुई अन्य घटनाओं और उनके कारणों की भी गहन समीक्षा हो। जांच के दायरे में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं आबकारी विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के साथ लंबे समय से जिले में पदस्थ रहे मैदानी अमले की भूमिका को भी शामिल किया जाए।

जिम्मेदारों की जवाबदेही तय होने तक जारी रहेगा संघर्ष

पूर्व मंत्री ने कहा कि युवकों की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाकर इसके लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिले में पनप रहे अवैध एवं जहरीली शराब के कारोबार पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए ठोस और निर्णायक कदम उठाए जाएं।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सागर जिले में लगातार हो रही ऐसी हृदयविदारक घटनाओं के खिलाफ कांग्रेस चुप बैठने वाली नहीं है। अवैध एवं जहरीली शराब के कारोबार पर प्रतिबंध लगाने, जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित होने तक संघर्ष जारी रहेगा। लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले इस अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें