राष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट: श्योपुर ने मुरैना को 5-1 से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह, दूसरा मुकाबला गोलरहित बराबरी पर छूटा

SHARE:

सागर। सदर कजलीवन मैदान पर आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट के छठवें दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दिन के पहले मैच में श्योपुर क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुरैना क्लब को 5-1 से करारी शिकस्त दी और सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे मुकाबले में ग्वालियर और सीहोर क्लब के बीच कड़ा संघर्ष हुआ, लेकिन दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं और मैच बराबरी पर समाप्त हुआ।

श्योपुर ने पांच गोल दागकर दर्ज की शानदार जीत

दिन का पहला मुकाबला मुरैना और श्योपुर क्लब के बीच खेला गया। श्योपुर ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ में 15वें मिनट में पहला गोल कर टीम ने 1-0 की बढ़त बनाई। इसके बाद 25वें मिनट में दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया।

दूसरे हाफ में भी श्योपुर के खिलाड़ियों का दबदबा कायम रहा। टीम ने 10वें मिनट में तीसरा गोल किया। इसके बाद मुरैना ने वापसी करते हुए एक गोल दागा और स्कोर 3-1 कर दिया। हालांकि श्योपुर ने 30वें और 40वें मिनट में दो और गोल कर मुकाबला 5-1 से अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ श्योपुर क्लब ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

ग्वालियर और सीहोर के बीच गोल के लिए संघर्ष

दिन का दूसरा मुकाबला ग्वालियर क्लब और सीहोर क्लब के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। पहले हाफ में कई प्रयासों के बावजूद कोई टीम गोल नहीं कर सकी।

दूसरे हाफ में भी दोनों ओर से गोल करने के प्रयास जारी रहे। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों को येलो कार्ड भी दिखाए गए। अंतिम समय तक दोनों टीमों के बीच रोमांचक संघर्ष चलता रहा, लेकिन गोल नहीं हो सका। इस तरह मुकाबला गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ।

अतिथियों की रही उपस्थिति

मुकाबलों के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में कृष्णा जायसवाल उपस्थित रहे। साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता श्याम सुंदर मिश्रा, जिला फुटबॉल संघ के सचिव विशाल तोमर, शैलेंद्र तोमर, दविंदर सिंह भाटिया, एम.एल. यादव, नासिर मकरानी सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।

निर्णायक एवं आयोजन समिति

मैच में मुख्य निर्णायक की भूमिका इमरान खान ने निभाई। सहायक निर्णायक शुभम तिवारी एवं दीपक सिंह रहे। चौथे निर्णायक सौरभ, मैच कमिश्नर रामचंद्र सिंह तोमर तथा मैच इलेक्शन कमेटी में नदीम खान शामिल रहे।

कल होंगे टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल

टूर्नामेंट का अगला दिन फुटबॉल प्रेमियों के लिए खास रहने वाला है। कल दोपहर 1 बजे से दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। आयोजन समिति ने खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में सदर कजलीवन मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें