
अवैध मिट्टी उत्खनन रोकने पर शासकीय कर्मचारी से मारपीट,मोतीनगर थाना क्षेत्र के रतौना पशु प्रजनन प्रक्षेत्र का मामला, आरोपियों पर केस दर्ज
मोतीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रतौना स्थित पशु प्रजनन प्रक्षेत्र में अवैध रूप से मिट्टी की खुदाई रोकने पर शासकीय कर्मचारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर मोतीनगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पशु प्रजनन प्रक्षेत्र रतौना में पदस्थ कर्मचारी राजकिशोर दुबे ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे कपिल पाराशर अपने दो साथियों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से अवैध रूप से मिट्टी की खुदाई कर ले जा रहा था। जब उसे ऐसा करने से मना किया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
घटना के दौरान अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। पूरी घटना प्रक्षेत्र परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी कपिल पाराशर एवं उसके साथियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।











